आरएसएस की खिलाड़ी संवाद गोष्ठी में शामिल होंगे फरहत अली खान

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी पहुंचेंगे

खेलपथ संवाद

रामपुर। क्रीड़ा भारती द्वारा 20 फरवरी को मेरठ में आयोजित खिलाड़ी संवाद गोष्ठी में खेलों को समर्पित खेलगुरु फरहत अली खान भी शामिल होंगे। रामपुर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा फरहत अली खान को आमंत्रित किया गया है। इस खिलाड़ी संवाद गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी अपने अनुभव साझा करेंगे।

इस आमंत्रण पर फ़रहत अली खान ने कहा के यह उनके जीवन में निमंत्रण ही नहीं बल्कि उपलब्धि है। जब राष्ट्र को समर्पित संस्थाएं समाज के साथ साथ खेलों पर भी ध्यान केंद्रित करेंगी तब भारत को खेल महाशक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। देश की खेलनीति के अनुसार 2036 का ओलम्पिक जो भारत आयोजित कर सकता है योजना बनाई जा रही है, ऐसी जानकारी मिल रही है। यदि ऐसा होता है तो ओलम्पिक में हमारे खिलाड़ी न केवल पूरे उत्साह से खेलें बल्कि हर खेल स्पर्धा में गोल्ड जीतकर राष्ट्र को गौरवान्वित करें। उन्होंने कहा खेल जुनून ही विजयी बनाता है। हम किसी भी महान खिलाड़ी की गाथा पढ़कर इसे जान सकते हैं।

खेल में शौक, मेहनत, अभ्यास, जुनून, खेल से इश्क, अनुशासन, देशप्रेम और ईमानदार गुरु की ज़रूरत होती है। पहले आलस, लालच और समस्याओं से जीतना सीखो, जिले से लेकर विश्व स्तर और ओलम्पिक का पदक आपके गले की शान बनने के इंतजार में है। आज ही और अभी से देश के हर खिलाड़ी को यह सोच बनाने की जरूरत है हम नौकरी पाने के लिए नहीं, देश के तिरंगे की शान और सम्मान के लिए खेल रहे हैं, यही सोच खिलाड़ी को हमेशा के लिए देश की शान बना देती है। उन्होंने आरएसएस द्वारा भेजे गए आमंत्रण पर आभार व्यक्त कर धन्यवाद दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स