कुश्ती में अंतिम के बाद सोनम ने भी जीता कांस्य

एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक पक्के
क्रिकेट में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
कुश्ती में सोनम ने महिलाओं के 62 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने चीन की लॉन्ग जिया को हराकर पदक अपने नाम किया। यह एशियाई खेल 2023 में भारत का 91वां पदक है। कुश्ती की बात करें तो गुरुवार को अंतिम ने भी कांस्य पदक जीता था। एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक पक्के हो चुके हैं। अलग-अलग खेलों में नौ भारतीय खिलाड़ी अपना पदक पक्का कर चुके हैं।
शुक्रवार को भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम ने रजत पदक अपने नाम किया है। फाइनल मैच में अतानु, तुषार और धीरज की भारतीय टीम को दक्षिण कोरिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। इसी तरह भारतीय कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 61-14 के अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
सेपक टकरा में भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम को थाईलैंड के खिलाफ 21-10, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने महिलाओं की रेगु स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। एचएस प्रणॉय को पुरुषों के सेमीफाइनल में चीन के ली शिफेंग के खिलाफ 21-16, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराया
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही अफगान टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। अब भारतीय टीम खिताबी भिड़ंत में अफगानिस्तान से खेलेगी। अफगान टीम ने भी कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान ने छह विकेट खोकर 116 रन बना लिए और मैच अपने नाम किया।
 

रिलेटेड पोस्ट्स