तीरंदाजी में मिला आज का पहला पदक

महिला रिकर्व टीम ने कांस्य जीता, भारत के पास कुल 87 पदक
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
एशियाई खेलों में शुक्रवार को भारत को पहला पदक तीरंदाजी में मिला है। भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। अंकिता, सिमरनजीत और भजन की जोड़ी ने वियतनाम को हराकर कांस्य पदक जीता। दूसरी तरफ फ्रीस्टाइल कुश्ती में पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में बजरंग पूनिया को हार का सामना करना पड़ा है। इरान के अमोजदखलीली ने उन्हें मात दी। 
एशियाई खेलों में भारत के अब तक 87 पदक हो गए हैं जिनमें 21 स्वर्ण, 32 रजत तथा 34 कांस्य पदक शामिल हैं। शुक्रवार को बजरंग के अलावा, अमन, सोनम और किरण को कुश्ती के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। ये चारों पहलवान कांस्य पदक के लिए खेलेंगे। कांस्य पदक के मुकाबले दोपहर 2.30 बजे से शुरू होंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची
भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियाई खेल 2023 के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बना ली है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। फाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मैच के विजेता से होगा। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 96 रन बनाए। टीम इंडिया ने एक विकेट खोकर 97 रन बनाए और मैच अपने नाम किया।

रिलेटेड पोस्ट्स