भारत 13 साल बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

एशियाई खेल फुटबॉल: म्यांमार से ड्रॉ रहा मुकाबला
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
एशियाई खेलों के पुरुष फुटबॉल स्पर्धा में भारतीय टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। रविवार (24 सितम्बर) को ग्रुप ए में म्यांमार के खिलाफ मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। इसका फायदा टीम इंडिया को मिला। भारतीय टीम अगले राउंड में अब मजबूत सऊदी अरब के खिलाफ खेलेगी। 
सऊदी अरब की टीम फुटबॉल विश्व कप में लियोनल मेसी की टीम अर्जेंटीना को हराया था। भारत 13 साल बाद एशियाई खेलों के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। पिछली बार ग्वांग्झू (2010) में आयोजित टूर्नामेंट के दौरान राउंड-16 में पहुंचने में सफल हुआ था। भारत ने मैच में पहला गोल किया। कप्तान सुनील छेत्री ने 23वें मिनट में गोल दागा। म्यांमार ने दूसरे हाफ में वापसी की और 76वें मिनट में गोल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मैच में एक भी गोल नहीं हुआ।
रहीम अली ने 22वें मिनट में म्यांमार के हेन जेयर लिन को छकाते हुए गेंद पर कब्जा किया। वह गोलकीपर को छकाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पा रहे थे। इसी बीच बॉक्स में हेन जेयर लिन ने उन्हें गिरा दिया। भारत को पेनल्टी मिल गई। सुनील छेत्री आगे बढ़कर पेनल्टी लेने आए। उन्होंने 23वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डालकर भारत को मैच में आगे कर दिया।
भारत को अपने पहले मुकाबले में मेजबान चीन के खिलाफ 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने 1-0 से जीत हासिल की थी। भारत को किसी भी हाल में हार से बचना था। टीम ने म्यंमार को जीतने नहीं दिया और अगले दौर में जगह बनाई।
भारत और म्यांमार के तीन-तीन मैच में चार-चार अंक हो गए हैं। गोल अंतर में भी दोनों बराबरी पर है, लेकिन भारत ने टूर्नामेंट में म्यांमार से एक गोल ज्यादा किए हैं। इस आधार पर वह दूसरे और म्यांमार तीसरे पायदान पर है। चीन दो मैच में छह अंक के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, बांग्लादेश के शून्य अंक हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स