खिलाड़ियों को सम्मानित कर मनाई शिकागो धर्म सम्मेलन की जयंती

स्वामी विवेकानंद सेवा समिति ग्वालियर की अनुकरणीय पहल
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
स्वामी विवेकानंद सेवा समिति ग्वालियर ने शिकागो धर्म सम्मेलन की 130वीं जयंती पर खिलाड़ियों का सम्मान कर एक अनुकरणीय पहल की है। इस अवसर पर  ग्वालियर के हॉकी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। स्वामी विवेकानंद सेवा समिति ग्वालियर के तत्वावधान में यह गरिमामय समारोह  फ्रीडम अकेडमी थाटीपुर में आयोजित किया गया।
स्वामी विवेकानंद सेवा समिति ग्वालियर द्वारा सोमवार को शिकागो धर्म सम्मेलन के 130 वर्ष पूर्ण होने पर खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री माया सिंह, हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर, अक्षय निगम डीन गजरा राजा चिकित्सा महाविद्यालय, रामकुमार राजौरिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी ग्वालियर ने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए, तत्पश्चात अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो उद्बोधन एवं हिंदू धर्म का पूरी दुनिया में प्रचार करने के विषय पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वामी जी के बताए मार्ग पर चलने का सभी से आह्वान किया।
सम्मान समारोह में अतिथियों ने राष्ट्रीय खेल हॉकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों ओमी पांडे, कमल किशोर, मदन गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, डालचंद माहौर, नारायण माहौर, नरेंद्र पांडेय, प्रताप सिंह, मनोज परिहार, वीरेंद्र भदौरिया, शैलेंद्र सिंह बुंदेला एवं हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर तथा अन्य खेलों में धर्मेंद्र अहिरवार, निहारिका कौरव, सोनम राठौर, अनुप्रिया श्रीवास्तव, अपर्णा श्रीवास्तव एवं दीप श्रीवास्तव को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए महेश सक्सेना फ्रीडम अकेडमी के संचालक को भी सम्मानित किया गया, पूर्व में अतिथियों का स्वागत स्वामी विवेकानंद समिति के अध्यक्ष नूतन श्रीवास्तव ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स