दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी हमारे देश का गौरवः महापौर शोभा सिकरवार

प्रथम अखिल भारतीय मेयर कप दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारम्भ
एलएनआईपीई में 10 राज्यों के दिव्यांग खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर
खेलपथ संवाद 
ग्वालियर।
दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी हमारे देश का गौरव हैं और वह निरंतर अपने खेल प्रदर्शन से देश व दुनिया के लोगों को अचंभित करते हैं। नगर निगम ग्वालियर द्वारा निरंतर राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। दिव्यांग खिलाड़ियों की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करना हमारे लिए बहुत ही गौरव की बात है, नगर निगम आगे भी निरंतर दिव्यांग खेलों के विकास के लिए कार्य करता रहेगा। उक्ताशय के विचार महापौर डाॅ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने प्रथम अखिल भारतीय मेयर कप दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए।  
नगर निगम ग्वालियर एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा सपोर्टेड संस्था डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के संयोजन में 10 से 14 सितम्बर तक आयोजित प्रथम अखिल भारतीय मेयर कप दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ महापौर डाॅ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने 10 राज्यों के दिव्यांग खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर महापौर डाॅ. सिकरवार का स्वागत उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी खेल सत्यपाल सिंह चौहान द्वारा किया गया।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा सपोर्टेड संस्था डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के अविनाश शर्मा, धीरज हार्डे, उत्पल मजूमदार उपस्थित रहे। प्रतियेागिता के आयोजन की जानकारी उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी खेल सत्यपाल सिंह चौहान ने देते हुए बताया नगर निगम ग्वालियर द्वारा प्रथम अखिल भारतीय मेयर कप दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन एलएनआईपीई, जीवाजी विश्वविद्यालय एवं एमएलबी काॅलेज ग्राउंड पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल, गुजरात, सौराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ, विदर्भ एवं मध्य प्रदेश की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रूपये, उप विजेता को 51 हजार रूपये के अलावा व्यक्तिगत पुरस्कार एवं विजेता एवं उप विजेता टीमों को ट्राॅफी प्रदान की जाएगी। 
इस अवसर पर मध्य प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संजय सिंह तोमर, सचिन पाॅल, सहायक खेल अधिकारी धर्मेन्द्र सोनी, प्रमोद धनेले सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक नोडल अधिकारी खेल विजेता सिंह चौहान ने किया एवं आभार सहायक खेल अधिकारी अयोध्या शरण शर्मा ने माना।

रिलेटेड पोस्ट्स