शानदार उपलब्धियों पर हॉकी प्रशिक्षक परमजीत सिंह सम्मानित

दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर में आयोजित हुआ समारोह
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
मध्य प्रदेश में महिला हॉकी को नई पहचान देने वाले जाने-माने प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार का बुधवार को दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर में गरिमामय तरीके से सम्मान किया गया। मध्य प्रदेश के विश्वामित्र अवॉर्ड से सम्मानित परमजीत सिंह का सम्मान प्रशिक्षकद्वय अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित ने किया। 
हॉकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने हेतु खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम में बुधवार को राज्य महिला हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर के एनआईएस प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने दर्पण के खिलाड़ियों को जानकारी देते हुए बताया कि परमजीत सिंह के प्रशिक्षण में ग्वालियर से कई अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं।
इस अवसर पर परमजीत सिंह ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ईमानदारी से प्रशिक्षक के बताए मार्ग पर चलकर फीडर सेंटर से खेल विभाग द्वारा संचालित हॉकी अकादमी में एवं देश की अन्य अकादमी में प्रवेश लेकर आप सभी अपने करियर को नई ऊंचाइयां प्रदान कर सकते हैं। राज्य महिला हॉकी अकादमी के प्रबंधक धर्मवीर सिंह भदौरिया ने भी खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए खेल के माध्यम से अपने आप को फिट रखने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने की बात कही। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, नरेश डांगरोलिया, सगीर खान आदि ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स