भारत का चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में विजयी आगाज

पहले मुकाबले में चीन को 7-2 से हराया
कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार ने दागे 2-2 गोल
खेलपथ संवाद
चेन्नई।
एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी 2023 में भारत ने अपने पहले मैच में चीन को 7-2 से हराया। इस जीत के साथ, भारत बेहतर गोल डिफरेंस के आधार पर एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गया है। टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5', 8'), सुखजीत सिंह (15'), आकाशदीप सिंह (16') वरुण कुमार (19', 30') और मनदीप सिंह (40') ने गोल करके भारत को बड़ी जीत दिलाई। जबकि ई वेनहुई ने (18') और जिशेंग गाओ (25') ने चीन के लिए गोल किया।
टीम अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान से खेलेगी। जापान गुरुवार को अपने शुरुआती मुकाबले में साउथ कोरिया से 1-2 से हार गया। मैच से पहले, भारत के अमित रोहिदास और सुमित को क्रमशः 150वां और 100वां इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए सम्मानित किया गया। एफआईएच हॉकी रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद भारत ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया और दुनिया के 25वें नंबर के रैंकिंग वाले चीन को बैकफुट पर धकेल दिया। भारत ने मैच के दौरान अपना दबदबा बनाए रखा और चेन पर लॉन्ग बॉल्स खेल कर हमला किया। इससे भारत को पेनल्टी कार्नर मिले, जिसे उसने गोल में तब्दील किया। शुरुआत में ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को चीनी गोलकीपर के पास पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। कुछ मिनट बाद हरमनप्रीत सिंह ने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। वरुण कुमार की ड्रैग फ्लिक पर गोलकीपर ने बॉल को बचाया, लेकिन सुखजीत सिंह ने रिबाउंड से गोल किया। पहला क्वार्टर भारत की 3-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ। भारत ने दूसरे क्वार्टर में लय बरकरार रखी और जल्द ही मैच का चौथा गोल हासिल कर लिया। आकाशदीप सिंह ने चीनी हाफ में शॉट मार कर गोल दागा।
भारत का डिफेंस आखिरी दो क्वार्टर में ढीला नजर आया। इस दौरान चीन ने इसके फायदा उठाते हुए अपना पहला गोल किया। वरुण कुमार पास को रोकने में नाकाम रहे और चीन के ई वेनहुई ने यह सुनिश्चित किया कि वह बॉल को डाइविंग भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक के सामने पटक दें। गोल से स्तब्ध भारत ने जोश के साथ आक्रमण किया और जल्द ही चार गोल की बढ़त हासिल कर ली। वरुण कुमार ने अपनी गलती की भरपाई की और पेनल्टी कॉर्नर पर भारत का स्कोर 5-1 कर दिया। ब्रेक से ठीक पहले वरुण कुमार ने फिर से गोल करके हाफ टाइम से पहले भारत का स्कोर 6-2 कर दिया। कुमार के दो हमलों के बीच गाओ जिशेंग ने चीन के लिए दूसरा गोल किया। दूसरे हाफ में भारत ने अपनी जीत का अंतर बढ़ाया और तीसरे क्वार्टर में मंदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। मैच 7-2 से जीत हासिल की।

रिलेटेड पोस्ट्स