सात्विक-चिराग की जोड़ी कोरिया ओपन के सेमीफाइनल में

जापानी जोड़ी को 40 मिनट में सीधे सेटों में हराया
सियोल।
भारतीय बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वर्ल्ड नंबर-3 भारतीय जोड़ी ने जापान के ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी को 5वीं सीड जोड़ी को सीधे गेम में 21-14, 21-17 से हराया। यह मुकाबला 40 मिनट चला। अब भारतीय जोड़ी का सामना डिफेंडिंग चैम्पियन चाइनीज जोड़ी से होगा।
इस टूर्नामेंट में भारतीय उम्मीदें सात्विक-चिराग की जोड़ी पर हैं, क्योंकि पीवी सिंधु, एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत जैसे शेष भारतीय खिलाड़ी पहले ही हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सेमीफाइनल में सात्विक और चिराग का मुकाबला चीन के वेई केंग लियांग और चांग वांग की दूसरी वरीय जोड़ी से होगा। जो मेंस डबल्स में 2021 कोरिया ओपन के वर्ल्ड चैम्पियन हैं।
जापानी जोड़ी के खिलाफ एक बार आगे होने के बाद सात्विक और चिराग पहला गेम आसानी से जीतने में कामयाब रहे। दूसरे गेम में भारतीयों ने धीमी शुरुआत की और वे 3-6 से पीछे थे, लेकिन समय रहते उन्होंने लय पकड़ी। दोनों ने लगातार 6 पॉइंट्स हासिल करके 14-9 की बढ़त बना ली। फिर जापानी जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाया और 16-16 से बराबरी पर आ गई। तब ऐसा लगा कि मुकाबला तीसरे गेम पर जाएगा, लेकिन भारतीय सितारों ने जापानियों को हावी नहीं होने दिया और गेम 21-17 से अपने नाम करते हुए मैच जीत लिया।

रिलेटेड पोस्ट्स