गुरुग्राम की तीन सगी बहनें ताइक्वांडो में रच रहीं इतिहास

पिता जितेंद्र यादव को अपनी बेटियों पर नाज
खेलपथ संवाद
गुरुग्राम।
बेटियां हर क्षेत्र में अपने दमखम और कौशल से नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रही हैं। खेल के क्षेत्र में तो बेटियों का दमखम हर क्षेत्र से जुदा है। अभिभावकों की प्रशंसा करनी होगी कि वह अपने बच्चों को न केवल मैदानों तक ले जाते हैं बल्कि उन्हें प्रेरित भी करते हैं। हम आज बात कर रहे हैं गुरुग्राम की उन तीन बहनों की जोकि ताइक्वांडो खेल में भारत का गौरव बढ़ा रही हैं।
देश-दुनिया में कई बार हुआ है कि एक परिवार से दो तीन खिलाड़ी देश की तरफ से अलग-अलग समय खेले हैं लेकिन ऐसा याद नहीं है कि देश-दुनिया में एक साथ तीन बहनें किसी खेल स्पर्धा में विश्व चैम्पियनशिप खेली हों। ऐसा अनोखा रिकॉर्ड भारत के नाम है। भारत की तीन सगी बहनें एक साथ विश्व ताइक्वांडो चैम्पियनशिप खेली हैं। गुरुग्राम के ताइक्वांडों विश्व चैम्पियनशिप 21 से 24 अप्रैल तक दक्षिण कोरिया में खेली गई जिसमें प्रिया यादव, रितु यादव, गीता यादव भारत की तरफ से पदक की दावेदारी करने मुकाबले में उतरी थीं।
मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की रहने वाली तीन सगी बहनों ने 2022 में स्वीडन के स्टॉकहोम में हुई पहली यूरोपियन कप ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में अपना जलवा भी दिखा चुकी हैं। अब इनका चयन विश्व यूनिवर्सिटी खेलों के लिए किया गया है। 2022 में तीनों बहनों की टीम ने अंडर-30 श्रेणी में बेहतरीन खेलते हुए रजत व कांस्य पदक जीता था। उनकी इस जीत पर परिवार और उनके गांव वजीराबाद में जश्न मनाया गया था।
बता दें कि एक सितम्बर से 4 सितम्बर तक पहली यूरोपियन कप ताइक्वांडो चैम्पियनशिप 2022 में गुरुग्राम के गांव वजीराबाद की तीन सगी बहनों प्रिया यादव, गीता यादव और रितु यादव पुत्रियां जितेंद्र यादव की टीम ने अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया था शुरू से ही मेडल जीतने के प्रति आश्वस्त तीनों बहनों का आत्मविश्वास चरम पर था। तीनों ने बेहतरीन खेल खेला। भारत की तरफ से खेलते हुए उनकी टीम ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। इस जीत के साथ ही तीनों बहनों ने विश्व रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। इससे पहले खेलों के इतिहास में किसी भी टीम ने ऐसी उपलब्धि हासिल नहीं की थी। अब से पहले भी तीनों बहनों ने कई मेडल जीतकर देश, प्रदेश और गुरुग्राम का नाम रोशन किया है। 
तीनों बहनों के नाम से पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने उनके पिता जितेंद्र यादव को बधाई दी, साथ ही कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को जो सम्मान दे रही है, वह पहले कभी नहीं मिला। हरियाणा की बेहतरीन खेल नीति से खिलाड़ियों का जीवन स्तर सुधरा है। 
पिता जितेंद्र यादव कहते हैं कि जिन्हें बेटियां पैदा होने पर मलाल होता है वे प्रिया, गीता और रितु की सफलता को देखकर बेटियों को समाज में दर्जा देें। आज बेटियों ने दुनिया में न केवल परिवार, गांव का बल्कि भारत देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे तीन बेटियों के पिता हैं। तीनों ने जो तोहफा दिया है, वह अनमोल है। गीता पहले भी 2018 में विश्व ताइक्वांडों चैम्पियनशिप खेल चुकी हैं और 2019 साउथ एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं। वहीं रितु 2019 में एशियन चैम्पियनशिप खेल चुकी हैं। प्रिया आल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में पदक जीत चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य प्रतियोगिता खेल चुकी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स