397 पहलवानों में 15 को मिला बिश्केक का टिकट

चयनित पहलवानों में 8 हरियाणा, दिल्ली से 5, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र का एक-एक 
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
हरियाणा के सोनीपत में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, बहालगढ़ व एनआईएस पटियाला में तदर्थ समिति (एडहॉक कमेटी) की तरफ से अंडर-17 और 23 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए 397 पहलवानों ने ट्रायल दिया। जिसमें से 15 पहलवानों का चयन किया गया। बिश्केक के लिए चयनित पहलवानों में आठ हरियाणा, पांच दिल्ली और उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र से एक-एक शामिल हैं।
सोनीपत में साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा और तदर्थ समिति के सदस्य भूपेंद्र सिंह बाजवा ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर ट्रायल शुरू करवाए। बहालगढ़ साई में फ्रीस्टाइल वर्ग के पहलवानों के ट्रायल हो रहे हैं। किर्गिस्तान के बिश्केक में 10 से 18 जून तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए सोनीपत के बहालगढ़ स्थित साई सेंटर व पंजाब के पटियाला स्थित एनआईएस में ट्रायल जारी है। सोनीपत में ट्रायल प्रक्रिया की चयन समिति में तदर्थ समिति के सदस्य भूपेंद्र सिंह बाजवा, साई में कुश्ती दल के मुख्य प्रशिक्षक जगमिंदर सिंह व अर्जुन अवार्डी पहलवान रमेश कुमार गुलिया, प्रतियोगिता निदेशक ज्ञान सिंह, प्रतियोगिता मैनेजर राजीव तोमर व कुलदीप सिंह मौजूद रहे।
वहीं एनआईएस, पटियाला में साई के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक कर्नल राज सिंह बिश्नोई, तदर्थ समिति सदस्य सुमा शिरूर, प्रतियोगिता निदेशक अशोक गर्ग, प्रतियोगिता प्रबंधक अनिल मान, द्रोणाचार्य अवॉर्डी मह सिंह राव की देखरेख में ट्रायल हुए। चयन समिति के चेयरमैन भूपेंद्र सिंह बाजवा ने बताया कि तीसरे दिन सोनीपत में पांच भारवर्ग के पहलवानों का चयन किया गया। इसके लिए 213 पहलवानों ने पंजीकरण कराया था। वहीं पटियाला में महिला वर्ग में 98 व ग्रीको रोमन वर्ग में 86 पहलवानों ने मुकाबले में भाग लिया।
इनको मिला बिश्केक का टिकट
शुक्रवार को सोनीपत साई में हुए ट्रायल में अंडर-17 फ्रीस्टाइल में सौरभ (हरियाणा, 65) व सौरभ यादव (उत्तर प्रदेश, 80) का चयन किया गया। वहीं अंडर-23 में अभिमन्यु (दिल्ली, 70), यश (दिल्ली, 74) और सागर जागलान (हरियाणा, 79) ने अपना चयन कराया है। एनआईएस पटियाला में ग्रीको रोमन वर्ग : अंडर-17 में सचिन कुमार (हरियाणा, 65) व अमन (हरियाणा, 80), अंडर-23 में विनायक पाटिल (महाराष्ट्र, 67), अंकित गुलिया (हरियाणा, 72) और विकास (हरियाणा, 77) ने अपना चयन कराया है। महिला वर्ग : अंडर-17 में नेहा (हरियाणा, 57) व शिक्षा (दिल्ली, 65) का चयन हुआ। वहीं अंडर-23 में रजनी (दिल्ली, 57), निकिता (दिल्ली, 62) और भारती (हरियाणा, 65) ने अपना टिकट कटाया।
आगे यह रहेगा शेड्यूल
सोनीपत : 20 मई : अंडर-17 में 92 व 110 किलो तथा अंडर-23 में 57, 61 व 65 किलो। पटियाला : 20 मई : महिला वर्ग अंडर-17 में 69 व 73 किलो तथा अंडर-23 में 50, 53 व 55 किलो एवं ग्रीको रोमन अंडर-17 में 92 व 110 तथा अंडर-23 में 55, 60 व 63 किलो।

रिलेटेड पोस्ट्स