भालाफेंक में अन्नू रानी की स्वर्णिम सफलता

शॉटपुट में तेजिंदरपाल सिंह तूर ने जीता खिताब 
फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
रांची।
एशियाई खेलों के मौजूदा चैम्पियन शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी अन्नू रानी ने फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन अपने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
तीस वर्ष की अन्नू रानी हालांकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकीं और 59.24 मीटर ही भाला फेंक सकीं लेकिन वह आगामी एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने के लिए काफी था। उत्तर प्रदेश की अन्नू रानी का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 63.82 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। जुलाई 12 से 16 तक होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप में क्वालीफाइंग स्तर 54.73 मीटर है जबकि हांगझोउ खेलों के लिए यह 56.46 मीटर है।
एशियाई रिकॉर्डधारी तूर ने 20.42 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21.49 मीटर है। पंजाब के तूर ने 19 मीटर का एशियाई खेल क्वालीफाइंग मार्क पार किया। दिल्ली के साहिब सिंह और पंजाब के करणवीर सिंह ने भी 19 मीटर की बाधा पार की। ओडिशा की स्रबानी नंदा ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ 11.57 सेकेंड में जीती हालांकि एशियाई चैम्पियनशिप का क्वालीफाइंग आंकड़ा 11.44 सेकेंड पार नहीं कर सकीं। पुरूष वर्ग में ओडिशा के अमिय कुमार मलिक विजयी रहे जिन्होंने 10.31 सेकेंड का समय निकाला। एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाइंग आंकड़ा 10.19 सेकेंड है।
महिलाओं की 400 मीटर में महाराष्ट्र की ऐश्वर्य मिश्रा 52.57 सेकंड का समय निकालकर विजयी रही लेकिन बाद में लेन तोड़ने के कारण उन्हें अयोग्य करार दिया गया। दूसरे स्थान पर रही कर्नाटक की प्रिया मोहन को विजयी घोषित किया गया जबकि पुरूष वर्ग में तमिलनाडु के रमेश ने खिताब जीता। दोनों ने एशियाई चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाई कर लिया। प्रिया ने तकनीकी पेनल के समक्ष विरोध दर्ज कराया था और फैसला उनके पक्ष में आया।
26वीं नेशनल फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 15 मई से 18 मई तक रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें देश के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के लगभग 700 पुरुष एवं महिला एथलीट, 150 तकनीकी पदाधिकारी व प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। इन खेलों के पहले दिन भी दौड़, हैमर थ्रो, हर्डल दौड़, गोला फेंक, जैबलिन थ्रो समेत अन्य खेलों में एथलीटों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बता दें कि पहले दिन 10,000 मीटर दौड़ के पुरुष विजेता खिलाड़ियों को खेल निदेशक डा सरोजनी लकड़ा, शिवेंदु दुबे एवं 10,000 मीटर महिला वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को देवशंकर दास एवं एसके पांडेय ने पुरस्कृत किया। सभी खिलाड़ी रांची के स्टेडियम में मिल रही सुविधाओं से काफी उत्साहित व खुश दिखे।

रिलेटेड पोस्ट्स