पहलवानों का कहना कई बार हुई यौन उत्पीड़न का शिकार

बृजभूषण शरण सिंह ने सांस जांचने के बहाने उन्हें गलत तरीके से छुआ
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
खेलों में यौन शोषण के मामले सिर्फ कुश्ती तक ही सीमित नहीं हैं। इससे पहले मुक्केबाजी, हॉकी, हैंडबाल, क्रिकेट, साइकिलिंग आदि में भी खिलाड़ी बेटियों के साथ यौन शोषण के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों के लिए जांच समितियां बनीं तो कुछ मामलों में एफआईआर भी हुई लेकिन किसी भी बेटी को इंसाफ नहीं मिला। 
द इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी एक रिपोर्ट में भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का ब्यौरा प्रकाशित किया है।रिपोर्ट के मुताबिक बृजभूषण शरण सिंह पर आरोप लगाने वाली सात में से दो महिला पहलवानों ने पुलिस को दी शिकायत में कई बार यौन उत्पीड़न किए जाने का जिक्र किया है। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक ये शिकायतें 21 अप्रैल को दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में दी गई थीं और इनमें कम से कम आठ घटनाओं का जिक्र है।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि बृजभूषण शरण सिंह ने उनकी सांस जांचने के बहाने उन्हें गलत तरीके से छुआ और यौन उत्पीड़न किया। अपनी शिकायत में इन महिला पहलवानों ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष के रूप में बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव और इससे करियर पर पड़ सकने वाले नकारात्मक असर की वजह से महिला पहलवानों ने इस यौन उत्पीड़न के बारे में पहले बात नहीं की।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन घटनाओं की वजह से उनका शारीरिक और मानसिक शोषण हुआ। अपनी शिकायत में एक महिला पहलवान ने सिंह पर कम से कम पांच अलग-अलग घटनाओं के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। एक घटना, 2016 के एक टूर्नामेंट के दौरान की है जब एक रेस्त्रां में कथित रूप से बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवान को अपने पास बुलाकर गलत तरीके से उसकी छाती और पेट को छुआ। अपनी शिकायत में महिला पहलवान ने कहा है कि इस घटना के बाद वो खाना तक नहीं खा पाई थी और उसकी नींद ख़राब हो गई थी जिसकी वजह से वो अवसाद में चली गई। इस महिला पहलवान का आरोप है कि साल 2019 में एक अन्य टूर्नामेंट के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने फिर से इसी तरह उसकी छाती और पेट को छुआ।
महिला पहलवान का आरोप है कि सिंह ने 21 अशोक रोड स्थित अपने बंगले में भी उसे गलत तरीके से छुआ। बृजभूषण शरण सिंह के इसी संसदीय निवास में भारतीय कुश्ती संघ का दफ़्तर भी है। महिला पहलवान ने आरोप लगाया है कि पहले दिन सिंह ने उसकी जांघों और कंधों को छुआ और दूसरे दिन उसकी छाती और पेट को ये कहते हुए गलत तरीके से छुआ कि वह उसकी सांस की जांच कर रहे हैं।
महिला पहलवान ने आरोप लगाया है कि साल 2018 में सिंह ने उन्हें देर तक कस कर गले लगाया और एक बार महिला पहलवान को सिंह को झटक कर अलग करना पड़ा क्योंकि उनका हाथ उसकी छाती के करीब था। दूसरी महिला पहलवान ने भी बृजभूषण शरण सिंह पर इसी तरह के आरोप लगाये हैं। दूसरी शिकायतकर्ता का आरोप है कि साल 2018 में जब वो अभ्यास कर रहीं थी, तब सिंह ने उनकी ट्रेनिंग जर्सी को ऊपर उठाकर उनके पेट और सीने को यह कहते हुए छुआ कि वह उसकी सांस की जांच कर रहे हैं।शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस घटना से वो बहुत हैरान और परेशान थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस घटना के करीब एक साल बाद जब वो भारतीय कुश्ती संघ के दफ्तर गई थीं तब बृजभूषण शरण सिंह ने बाकी लोगों को बाहर भेज दिया और उसे जबरदस्ती पकड़ने की कोशिश की। महिला पहलवान का आरोप है कि सिंह ने उनसे व्यक्तिगत फ़ोन नम्बर भी मांगा और अपना नम्बर दिया।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक इन दोनों महिला पहलवानों ने सीआरपीसी की धारा 161 के तहत दिल्ली पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए हैं। भारत के कई शीर्ष पदक विजेता पहलवान पिछले तीन सप्ताह से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ़ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ़ दो एफ़आईआर दर्ज की हैं। हालांकि अभी तक उन्हें गिरफ़्तार नहीं किया गया है। बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स