हरियाणा नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप में लगातार 5वीं बार विजेता

13वीं सब जूनियर महिला नेशनल हॉकी प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
हिसार।
ओडिशा में हुई 13वीं सब जूनियर महिला नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही हरियाणा की टीम लगातार पांचवीं बार चैम्पियन बन गई। हरियाणा टीम में हिसार की 8 खिलाड़ी शामिल रहीं। रविवार को फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने झारखंड को 3-2 से हराया। 
खास बात रही कि मैच खत्म होने के अंतिम पांच मिनट में सोनीपत की भव्या ने एक गोल कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भव्या को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया है। फाइनल मुकाबले में हरियाणा टीम की ओर से सोनीपत की भव्या ने 2 और कुरुक्षेत्र की अंजनी ने 1 गोल किया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हरियाणा टीम ने ओडिशा को शूट आउट में 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, बेटियों ने फाइनल से पहले किए गए गोल्ड जीतने का वादा पूरा कर दिखाया। वहीं, हरियाणा टीम में हिसार से दीपिका, मीनाक्षी, कृति, कैप्टन पूजा मलिक, शशि, सीमा, सिमरणजीत कटारिया, अदिति ने दमखम दिखाया। 
सीनियर हॉकी कोच आजाद सिंह मलिक का कहना है कि 2017-18 और 2018-19 में हिसार में, 2020-21 में झारखंड, 2021-22 में इम्फाल और 2022-23 में ओडिशा में हुई सब जूनियर महिला नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम चैम्पियन बनी हैं। हरियाणा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। खिलाड़ियों की मेहनत रंग लाई है। हमारे लिए गर्व की बात है कि लगातार पांचवीं बार हरियाणा की टीम चैंपियन बनी हैं। स्वर्ण पदक जीतने पर प्रत्येक खिलाड़ी को डेढ़ लाख रुपये मिलेंगे। 

रिलेटेड पोस्ट्स