गोलकीपर सविता पूनिया ने रचाई शादी

कनाडा के अंकित बल्हारा बने जीवन साथी
शगुन के रूप में एक रुपया और नारियल उठाया
खेलपथ संवाद
सिरसा।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया कनाडा में बसे अंकित बल्हारा के साथ विवाह बंधन में बंध गई हैं। विवाह कार्यक्रम चंडीगढ़ के पार्क प्लाजा होटल में आयोजित हुआ। हरियाणवीं फिल्मों का बड़ा चेहरा भाल सिंह बल्हारा के पुत्र अंकित बल्हारा सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और कनाडा के एक बैंक में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वह गायक भी हैं। अंकित मूल रूप से सोनीपत के रहने वाले हैं।
बता दें कि इस शादी में केवल पारिवारिक सदस्यों को ही आमंत्रित किया गया। सिरसा के गांव जोधकां निवासी सविता पूनिया भारतीय हाकी टीम की कप्तान व गोलकीपर हैं और 2020 में उन्हें ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक में बेहतरीन प्रदर्शन के चलते ग्रेट वॉल आफ इंडिया के नाम से पुकारा गया। सविता का परिवार गांव में ही रहता है। यहां यह भी बता दें कि सविता टोक्यो ओलम्पिक में भी टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं।
11 जून, 1990 में जोधकां में जन्मी सविता पूनिया को दादा रणजीत सिंह ने हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया था। जिसके बाद वह भारतीय हॉकी प्राधिकरण के हिसार सेंटर में ट्रेनिंग लेने पहुंचीं। 2007 में उनका भारतीय सीनियर नेशनल हॉकी कैंप में सिलेक्शन हुआ। 2011 में सविता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला। इसके बाद उनके कदम सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।
सविता के पिता महेंद्र पूनिया ने बताया कि दोनों परिवार पिछले एक साल से एक-दूसरे के सम्पर्क में थे। हालांकि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही जान-पहचान रही है। अंकित 2012 से ही कनाडा में शिफ्ट है। हालांकि वह फिल्मों से भी जुड़ा हुआ है। पिता महेंद्र पूनिया ने कहा कि उनका दामाद अंकित बल्हारा दहेज प्रथा के बिल्कुल खिलाफ है और उन्होंने शगुन के रूप में एक रुपया और नारियल उठाया। अंकित हरियाणवी चंद्रावल फिल्म के डायरेक्टर और कलाकार भाल सिंह बल्हारा के बेटे हैं। अंकित बल्हारा कनाडा में बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में प्ले बैक सिंगर का भी काम करते हैं।
सविता पूनिया और अंकित बल्हारा की शादी की बात पिछले काफी समय से चल रही थी। सविता और अंकित के परिवारों ने पहले वीडियो कॉल से आपस में बातचीत शुरू की। इसके बाद पिछली अप्रैल में रिश्ता तय होने के बाद दोनों परिवारों का एक-दूसरे से मेल मिलाप शुरू हो गया। दोनों का रिश्ता करवाने में पारिवारिक योगदान था या फिर ऐसा कहें कि ये अरेंज मैरिज थी। सविता के पिता महेंद्र सिंह पूनिया ने बताया कि बेशक सविता की शादी कनाडा में हुई है। परंतु अभी वह इंडिया में ही रहेगी। उसका लक्ष्य 2024 ओलम्पिक है। इसलिए वह अपना खेल जारी रखेगी। हमारी सामाजिक जिम्मेदारी थी, उसे हमने निभा दिया। 

रिलेटेड पोस्ट्स