दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन होंगे भारतीय हॉकी कोच

हॉकी इंडिया ने की पुरुष टीम के नए कोच की घोषणा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के नए कोच की नाम की घोषणा कर दी है। शुक्रवार (तीन मार्च) को हॉकी इंडिया ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। भारत 10 मार्च से एफआईएच हॉकी प्रो लीग में उतरेगा। उससे पहले फुल्टन के नाम पर मुहर लगी है। 48 वर्षीय कोच के सामने टीम इंडिया को एकजुट करने की चुनौती होगी। वह ग्राहम रीड के इस्तीफे के बाद भारत के कोच बनाए गए हैं।
क्रेग फुल्टन के पास कोचिंग में 25 सालों का अनुभव है। वह औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द टीम से जुड़ेंगे। नेतृत्व में विश्वास रखने वाले फुल्टन ने अपनी पिछली भूमिकाओं में शानदार परिणाम दिए हैं। उनका नाम चर्चा में 2014 से 2018 के बीच में आया था। तब वह आयरलैंड टीम के कोच थे। उनकी कोचिंग में आयरिश पुरुष टीम ने 2016 ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया था।
क्रेग फुल्टन की उपलब्धियां
100 सालों में पहली बार आयरिश टीम ओलम्पिक में शामिल हुई थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्हें 2015 में एफआईएच कोच ऑफ द ईयर भी चुना गया था। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन ओलम्पिक चैम्पियन बेल्जियम के साथ सहायक कोच के रूप में काम किया। तब बेल्जियम की टीम ने टोक्यो में स्वर्ण पदक जीता था। वह उस बेल्जियम टीम के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा थे, जिसने भुवनेश्वर में 2018 में विश्व कप जीता था।
बेल्जियम लीग जीतने वाली बेल्जियम क्लब को कोचिंग देने के बाद उन्हें 2023 में बेल्जियम का बेस्ट कोच घोषित किया गया था। विश्व हॉकी में बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम के शानदार प्रदर्शन में उनका योगदान काफी रहा। टीम 2018 में पांचवें स्थान पर थी। अब वह तीसरे पायदान पर काबिज है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम के साथ एक हॉकी खिलाड़ी के रूप में फुल्टन ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10 सालों में 195 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। उन्होंने अटलांटा ओलम्पिक 1996 और एथेंस ओलम्पिक 2004 में अपनी घरेलू टीम दक्षिण अफ्रीका के लिए खेला है। फुल्टन विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में भी खेले हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स