आकाश संग परिणय सूत्र में बंधेंगी मुक्केबाज पूजा बोहरा

अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज की शादी की रस्में शुरू
खेलपथ संवाद
भिवानी (हरियाणा)।
अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा 22 फरवरी को जींद के आकाश के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगी। शनिवार से उनकी शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं। पूजा की शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी घर पहुंच रहे हैं। पूजा के पांच, जबकि उनके मंगेतर आकाश के सात बान हैं, जिनके बान शनिवार से शुरू हुए हैं। पूजा ने शादी समारोह में शामिल होने के लिए देशभर के खिलाड़ियों, नेताओं के साथ सेलिब्रिटी को निमंत्रण दिया है। 21 फरवरी को उनकी घर पर ही हल्दी और मेहंदी की रस्म है। वहीं शादी 22 फरवरी को मिनी बाईपास स्थित विदाई पैलेस में होगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा की शादी जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश के साथ तय हुई है, जोकि जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी हैं। हालांकि आकाश अपने परिवार के साथ जींद की डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। पूजा के घर पर उनकी बुआ पिंकी, इंद्रवती, सुनीता, अनिता, निर्मला के साथ ही मौसी मुन्नी, संतरा देवी और सुनीता पहुंच गई हैं वहीं बहन पूनम भी रस्मों में शामिल हुई हैं। वहीं दूसरी ओर उनके मंगेतर आकाश की इकलौती बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया गई हुई हैं जोकि पीआर से संबंधित कारणों की वजह से शादी में शामिल नहीं हो सकेंगी।
बॉक्सर पूजा बोहरा ने अपनी शादी को लेकर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, कृषि मंत्री जेपी दलाल, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक राव दानसिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज, ओलम्पिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंद्र सिंह बेनीवाल, निखत जरीन, लवलीना बोरगोहेन, बॉक्सर मनोज कुमार, बजरंग पूनिया, बबीता फोगाट, संगीता फोगाट सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ही सेलिब्रिटी और पत्रकारों को निमंत्रण दिया है।
जिले के गांव नीमड़ीवाली निवासी पूजा बोहरा अपने परिवार के साथ कई साल से शहर के विकास नगर में रहती हैं और शादी की रस्में भी यहीं हो रही हैं। पूजा के पिता स्वर्गीय राजबीर हरियाणा पुलिस में एसआई के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और माता दमयंती गृहिणी हैं। पूजा खुद भी इनदिनों आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। पूजा बोहरा के पिता फुटबाल के खिलाड़ी रह चुके हैं।
पूजा की बड़ी बहन पूनम गृहिणी और छोटा भाई अरविंद डीपीई हैं। वहीं, उनके मंगेतर आकाश दो बहन-भाई हैं। उनकी बड़ी बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं, जोकि शादीशुदा हैं। आकाश की मां सरला देवी गृहिणी हैं और उनके पिता का देहांत हो चुका है। हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से सम्मानित महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्जनों पदक जीते हैं। उन्होंने 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक, 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिनिधित्व किया।

रिलेटेड पोस्ट्स