हर बच्चे तक अवसर पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी
पीटी ऊषा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। 15वां ग्लोबल स्पोर्ट्स समिट शुक्रवार को फेडरेशन हाउस में हुआ। समिट में सरकार, खेल, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय जगत के प्रमुख नेताओं ने अगले दशक के लिए भारत की खेल रणनीति पर विचार साझा किए। इस वर्ष का थीम इंडियन स्पोर्ट्स फार्जिंग द पाथ टू ग्लोबल एक्सीलेंस रहा, जिसमें नवाचार, वैश्विक साझेदारी और सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि एफआईसीसीआई नॉलेज रिपोर्ट स्पोर्टिंग इंडिया राइजिंग तथा भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन स्ट्रैटेजी का विमोचन रहा। पार्टनर कंट्री के रूप में ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी ने उच्च प्रदर्शन, कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टैलेंट पाथवे में सहयोग का नया मार्ग खोला।
समारोह में भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा को खेल जगत में असाधारण योगदान के लिए एफआईसीसीआई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय खेल तभी उठेगा जब हम सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे। हर बच्चे तक अवसर पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। खेल विभाग के सचिव हरी रंजन राव ने कहा कि भारत का लक्ष्य 2036 तक ओलम्पिक में शीर्ष-10 देशों में शामिल होना है, जिसके लिए नवाचार, खेल विज्ञान और मजबूत जमीनी ढांचे पर काम करना जरूरी है।
कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, एफआईसीसीआई अधिकारी और खेल विशेषज्ञ उपस्थित रहे। समिट के दौरान भारतीय खेल के भविष्य, भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी, खेल अर्थव्यवस्था, फैन एंगेजमेंट और भारत के अगले ओलम्पिक सितारों पर चर्चा हुई।
आईओए अध्यक्ष पीटी ऊषा राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को आश्वस्त
नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा को राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी भारत को मिलने का पूरा यकीन है। ऊषा ने उम्मीद जताई कि 26 नवम्बर को ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेल आमसभा की बैठक के दौरान 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिल जाएगी।
पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेल कार्यकारी बोर्ड ने अहमदाबाद में इन खेलों के आयोजन की सिफारिश की थी। ग्लास्गो में होने वाली बैठक में अंतिम मंजूरी मिलेगी। अहमदाबाद के अलावा नाइजीरिया का अबुजा मेजबानी की दौड़ में है। राष्ट्रमंडल खेल को 2030 में 100 साल भी पूरे होने जा रहे हैं।
राष्ट्रमंडल खेल कार्यकारी बोर्ड ने भविष्य में मेजबानी की संभावना के लिए नाइजीरिया के साथ काम करने पर भी सहमति जताई जिसमें 2034 खेलों की मेजबानी की संभावित दावेदारी शामिल है। पीटी उषा ने कहा, हम शनिवार को ग्लास्गो रवाना हो रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि लोगों की उम्मीदें पूरी होंगी।
दो तीन दिन इंतजार कर लें। भारतीय खेल तभी आगे बढ़ेंगे जब हम मिलकर आगे बढ़ेंगे। देश के कोने कोने में प्रतिभायें हैं लेकिन मौके हर बच्चे तक पहुंचने चाहिए। हम यह मार्ग प्रशस्त करके मजबूत तंत्र बनाना चाहते हैं जिसमें निष्पक्ष चयन हो और विज्ञान, खुराक, मानसिक मजबूती जैसे हर पहलू में मदद मिले।
