ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 9-2 से हराया

विश्व कप हॉकी प्रतियोगिताः गोवर्स ब्लेक ने दागे चार गोल
खेलपथ संवाद
राउरकेला।
हॉकी विश्व कप में शुक्रवार (20 जनवरी) को ग्रुप दौर के मुकाबलों का समापन हो जाएगा। 22 जनवरी से नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे। शुक्रवार को पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूल ए में 9-2 की बड़ी जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के लिए गोवर्स ब्लेक ने चार गोल दागे। 
ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी ग्रुप में यह साबित कर दिया कि क्यों वह इस विश्व कप की सबसे मजबूत टीम है। उसने दक्षिण अफ्रीका को कोई मौका नहीं दिया और 9-2 से मैच को अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए गोवर्स ब्लेक ने चार गोल दागे। उनके अलावा क्रेग टॉम, हार्वी जैक, बील डेनियल, हेवर्ड जेरेमी और ब्रैंड टिम ने एक-एक गोल किया। 
दक्षिण अफ्रीका के लिए एनटूली एनकोबिल और कोक टेविन ने एक-एक गोल दागे। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के तीन मैच में सात अंक हो गए। उसने तीन मैच में दो जीत हासिल की और एक मुकाबला ड्रॉ रहा। अर्जेंटीना दूसरे और फ्रांस तीसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका को तीनों मैचों में हार मिली और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

रिलेटेड पोस्ट्स