भारत को अमेरिका ने 8-0 से हराया

अंडर-17 महिला विश्व कप फुटबॉल
भुवनेश्वर।
भारतीय टीम को कलिंगा स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए अंडर-17 महिला विश्व कप के अपने पहले ही मैच में अमेरिका से 0-8 से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय महिला टीम की यह सबसे बड़ी हार है। हाफ टाइम तक अमेरिका ने 5-0 से बढ़त बना ली थी। 
खेल के 10वें मिनट में ही रेमिम्बास ने बाएं कार्नर से सटीक निशाना साध गोल दागा जिससे अमेरिका को पहली सफलता मिली। पांच मिनट बाद ही अमेरिका को दूसरा मौका मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर पहले से ही सतर्क थी। खेल के 20वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति की कलई खुल गई, जब कार्नर किक पर अमेरिका ने दूसरा गोल दाग दिया। 22वें मिनट में भारतीय गोलकीपर को छकाते हुए गमेरो ने तीसरा गोल दागा।
अमेरिकी फारवर्ड रेमिम्बास ने एक बार फिर अपने जादुई पैरों का कमाल दिखाते हुए भारतीय खिलाड़ी अंजली को छकाते हुए चौथा गोल कर दिया। अमेरिका की ओर से पांचवां गोल थांपसन ने किया। हाफ टाइम के बाद भी अमेरिका के आक्रमण में कोई कमी नहीं आई। अमेरिकी टीम की सबसे लंबी खिलाड़ी एमरी ने हेडर से गोल किया। 58वें मिनट में अमेरिका को पेनाल्टी का लाभ मिला, सुआरेज ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। बूटा ने 62वें मिनट में आठवां गोल किया।
अनुराग ठाकुर ने किया उत्साहवर्धन : फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप फुटबाल का रंगारंग आगाज हुआ। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और किरण रिजिजू ने भारतीय टीम का उत्साहवर्धन किया। भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मैच के पहले उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। 
ब्राजील ने मोरक्को को हराया 
जानसन के शानदार प्रदर्शन के सहारे ब्राजील की महिला टीम ने अंडर 17 महिला विश्व कप फुटबाल के पहले मुकाबले में मोरक्को को 1-0 से पराजित कर पूरे तीन अंक अर्जित कर लिए। खेल के पांचवें मिनट में ब्राजील को उस समय सफलता मिली, जब फारवर्ड एलिन के पास पर जानसन ने शानदार गोल किया। एलिन और लारा ने एक दूसरे को पास देते हुए आगे बढ़े ऐर जानसन की ओर पास बढ़ाया। अंडर 17 कोनमेबोल चैंपियनशिप में सर्वाधिक गोल करने वाली ब्राजीलियाई फारवर्ड एलिन ने मोरक्को की रक्षा पंक्ति को बखूबी छकाया।

रिलेटेड पोस्ट्स