खेल महासंघ राष्ट्रीय खेलों में शीर्ष खिलाड़ी शामिल कराएंः राजीव मेहता

आईओए महासचिव ने 13 और खेलों को शामिल करने सचिव खेल को लिखा पत्र
श्रीप्रकाश शुक्ला
नई दिल्ली।
भारतीय ओलम्पिक संघ में इस समय पत्र-पत्र का खेल चरम पर चल रहा है। इस समय हर दिन कोई न कोई पत्र भारतीय ओलम्पिक संघ से जारी हो रहा है। गुजरात में होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेल तो एक बहाना हैं दरअसल भारतीय ओलम्पिक संघ पदाधिकारी इस समय अपनी आसंदी बचाने की खातिर यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि गोया वही खेलों के सच्चे हितैषी हैं। भारतीय ओलम्पिक संघ चुनावों से पहले खेले जा रहे इस सेमीफाइनल के निहित स्वार्थ हैं। दोफाड़ भारतीय ओलम्पिक संघ पदाधिकारियों की रार और आरोप-प्रत्यारोपों ने समूचे खेल तंत्र को ही निर्वस्त्र कर दिया है। स्थिति काफी सोचनीय है।
सच कहें को अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति से मिली शक्ति के बाद भारतीय ओलम्पिक संघ के महासचिव राजीव मेहता न केवल फुल-पॉवर हो चुके हैं बल्कि अपनी व अपने गुट की खराब छवि को भी सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। सात सितम्बर को मेहता ने भारतीय ओलम्पिक संघ से सम्बद्ध राज्य इकाइयों और राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) से 36वें राष्ट्रीय खेलों में देश के शीर्ष खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। 
राष्ट्रीय खेलों का आयोजन गुजरात में 29 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक छह स्थलों अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वड़ोदरा, राजकोट और भावनगर में होने जा रहा है। 2015 के बाद आयोजित होने वाले इन राष्ट्रीय खेलों की गुजरात पहली बार मेजबानी कर रहा है। राष्ट्रीय खेलों की ट्रैक साइकिलिंग स्पर्धाएं नई दिल्ली में होंगी। 36वें राष्ट्रीय खेलों में में खिलाड़ी 36 खेलों में अपना कौशल दिखाएंगे। राष्ट्रीय खेलों में 13 अन्य खेलों को भी शामिल करने को महासचिव राजीव मेहता ने सुजाता चतुर्वेदी सचिव खेल केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय को 09 सितम्बर को पत्र लिखा है। 
इन खेलों में मॉडर्न पेंटाथलान, तलवारबाजी, ताइक्वांडो, बेसबाल, कराते, सॉफ्ट टेनिस, ड्रैगन बोट, पेनकक सिलाट, सेपक टकरा, वुडबाल, बीच वुडबाल, बिलियर्ड्स एण्ड स्नूकर, कलारिपयट्टू शामिल हैं। बकौल मेहता पत्र में लिखा है कि हमने ओलम्पिक/एशियाई चार्टर के सर्वोत्तम हित में 36वें राष्ट्रीय खेलों में उपरोक्त खेलों को शामिल करने पर विचार करने का अनुरोध किया है।
सात सितम्बर को आईओए ने सभी एनएसएफ और राज्य ओलम्पिक संघों को लिखे पत्र में कहा था, ‘‘राष्ट्रीय खेलों के महत्व को सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय खेलों और चैम्पियनशिप में भाग लेने/पदक जीतने वाले सभी योग्य प्रतिष्ठित खिलाड़ियों का 36वें राष्ट्रीय खेलों में प्रतिस्पर्धा करना आवश्यक है।’’ आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा, ‘‘खेल संघों और राज्य ओलम्पिक संघों से अनुरोध है कि वे अपने खेल और राज्यों का प्रतिनिधित्व करने के लिए खिलाड़ियों का चयन करते समय इसे ध्यान में रखें।’’
मेहता ने कहा कि आईओए, एनएसएफ और राज्य ओलम्पिक संघों का तहेदिल से समर्थन और सहयोग राष्ट्रीय खेलों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक ​खिलाड़ियों का सवाल है, उनके लिए राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।’’ मेहता ने कहा कि एनएसएफ आईओए को बताएंगे कि देश के शीर्ष खिलाड़ियों में से कौन राष्ट्रीय खेलों के लिए उपलब्ध हैं। 
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एनएसएफ से पूछा है और वे जवाब देंगे कि शीर्ष खिलाड़ियों में से कौन उपलब्ध है और कौन नहीं। हम उसके बाद देखेंगे।’’ राष्ट्रीय खेलों में 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग सात हजार खिलाड़ियों के 36 प्रतियोगिताओं में भाग लेने की उम्मीद है जिनमें अधिकांश पारम्परिक ओलम्पिक खेल शामिल हैं। मल्लखम्ब और योगासन जैसे स्वदेशी खेल भी पहली बार राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स