पाकिस्तान के दो मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों के बाद गायब

दो महीने पहले तैराक हुआ था लापता
लाहौर।
पाकिस्तान मुक्केबाजी महासंघ इन दिनों मुश्किलों में है। राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने बर्मिंघम गए उसके दो मुक्केबाज गायब हो गए हैं। महासंघ ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों की समाप्ति के बाद दोनों खिलाड़ी लापता हुए हैं। पाकिस्तानी मुक्केबाजी महासंघ (पीबीएफ) के सचिव नासिर तांग ने कहा कि सुलेमान बलूच और नजीरुल्लाह नाम के दो खिलाड़ी इस्लामाबाद रवाना होने से कुछ देर पहले लापता हो गए।
पाकिस्तान के लिए खिलाड़ियों की गायब होने की यह घटना नई नहीं है। दो महीने पहले तैराक फैजान अकबर के हंगरी में फिना विश्व चैम्पियनशिप से लापता हो गए थे। अकबर ने चैम्पियनशिप में हिस्सा भी नहीं लिया था। वह बुडापेस्ट पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद अपने पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के साथ गायब हो गए थे। जून के बाद से अब तक उनका पता नहीं चल पाया है।
बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक हुआ। तांग ने इस घटना के बारे में बताते हुए कहा, ''सुलेमान और नजीरुल्लाह के पासपोर्ट सहित सभी यात्रा दस्तावेज अभी भी महासंघ के अधिकारियों के पास हैं। ये अधिकारी टीम के साथ बर्मिंघम गए थे।'' नासिर तांग ने आगे बताया कि टीम प्रबंधन में ब्रिटेन में स्थित पाकिस्तान उच्चायोग और लंदन में संबधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों खिलाड़ियों के दस्तावेज सभी एथलीटों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार रखे गए थे। 
पाकिस्तान ओलम्पिक संघ (पीओए) ने इस घटना को लेकर सक्रियता दिखाई है। उसने जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। मुक्केबाजी में पाकिस्तान को राष्ट्रमंडल खेलों में एक भी पदक हासिल नहीं हुआ। उसने वेटलिफ्टिंग और जेवलिन में दो स्वर्ण पदक जीते। पाकिस्तान को कुल आठ पदक मिले।

रिलेटेड पोस्ट्स