युवा कार्लोस अल्काराज बने ऑस्ट्रेलियन ओपन के सरताज
फाइनल में 38 साल के नोवाक जोकोविच को हराया
खेलपथ संवाद
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविच का सामना स्पेन के कार्लोस अल्काराज से हुआ। एक तरफ युवा जोश और दूसरी तरफ अनुभव था, लेकिन अल्काराज का युवा जोश जोकोविच के अनुभव पर भारी पड़ा। अल्काराज ने 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से जोकोविच को हराया। यह अल्काराज का सातवां ग्रैंडस्लैम खिताब है वहीं जोकोविच 25वें ग्रैंडस्लैम से फिर दूर रह गए।
पहला सेट जोकोविच ने 6-2 से अपने नाम किया था। पहले सेट में जोकोविच ने सर्विस और फॉर हेंड का जबरदस्त दम दिखाया। इसके बाद दूसरे सेट में अल्काराज ने जबरदस्त वापसी की और 6-2 से सेट अपने नाम किया। फिर तीसरे सेट में जोकोविच थके हुए नजर आए और इसका फायदा अल्काराज ने उठाया और 6-3 से जीत हासिल की। चौथा सेट अल्काराज ने 7-5 से जीतकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया।
अल्काराज ने अब तक सात ग्रैंडस्लैम जीते हैं। यह उनका पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब है। अल्काराज पिछले साल भी ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन सिनर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस बार सिनर को जोकोविच सेमीफाइनल में हराकर बाहर कर चुके थे, जबकि अल्काराज ने सेमीफाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराया था और अपना दम दिखाया था। यह ऑस्ट्रेलियन ओपन के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक माना गया है।
अल्काराज के सात ग्रैंडस्लैम खिताबों में- एक ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब: 2026, दो फ्रेंच ओपन खिताब: 2024, 2025, दो विम्बलडन खिताब: 2023, 2024, दो यूएस ओपन: 2022, 2025 शामिल हैं। अल्काराज सबसे युवा करियर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी हैं। अल्काराज के लिए यह फाइनल उनके करियर का सबसे अहम अध्याय है। विम्बलडन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन जीत चुके अल्काराज अब ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन बनने के साथ ही ओपन एरा में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले छठे पुरुष खिलाड़ी बने।
22 साल की उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने राफेल नडाल (24) का रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की। टेनिस में करियर ग्रैंड स्लैम का मतलब है कि एक खिलाड़ी अपने पूरे खेल करियर के दौरान सभी चारों प्रमुख टूर्नामेंट- ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन जीतता है। इसके लिए चारों टूर्नामेंट्स को एक ही कैलेंडर वर्ष में जीतना आवश्यक नहीं है। यह एक बेहद प्रतिष्ठित उपलब्धि है। जीत के साथ अल्काराज पीट सैम्प्रास और राफेल नडाल की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने वर्ल्ड नंबर-एक रहते हुए अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता। यह जोकोविच का 11वां ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल था। वह इसके फाइनल में पहली बार हारे हैं। इससे पहले 10 बार उन्होंने खिताब जीता था। यानी अल्काराज जोकोविच को ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
जोकोविच जीत चुके 24 ग्रैंडस्लैमः टेनिस जगत में नोवाक जोकोविच ने पिछले एक दशक में लगभग हर बड़ा मंच जीत लिया है। हालांकि, उनका पिछला यानी 24वां ग्रैंडस्लैम खिताब 2023 में यूएस ओपन के रूप में आया था। इसके बाद पिछले लगभग दो साल से वह एक ग्रैंडस्लैम खिताब के लिए जूझ रहे हैं। 25वें ग्रैंडस्लैम का सपना उनसे दूर रह जा रहा है। उनके नाम कुल 24 ग्रैंड स्लैम हैं, जिसमें शामिल हैं- 10 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब: (कब जीता- 2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019, 2020, 2021, 2023), तीन फ्रेंच ओपन खिताब: (कब जीता- 2016, 2021, 2023), सात विम्बलडन खिताब: (कब जीता- 2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021, 2022), चार यूएस ओपन खिताब: (कब जीता- 2011, 2015, 2018, 2023) शामिल हैं।
