एन से यंग ने चाइना मास्टर्स में लगाई खिताबी हैट्रिक
खेलपथ संवाद
शेनझेन। महिला एकल में वर्ल्ड नम्बर-1 एन से यंग ने टोमोका मियाजाकी को 21-17, 21-6 से मात देकर लगातार तीसरे साल चाइना मास्टर्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह इस सीजन उनका सातवां व्यक्तिगत खिताब भी है। इसी के साथ साउथ कोरिया की एन से यंग 'चाइना मास्टर्स' में खिताबी हैट्रिक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने जापान की मियाजाकी के खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड 8-0 तक पहुंचा दिया।
एन से यंग इस समय प्रचंड फॉर्म में हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन इस टूर्नामेंट में एक भी गेम नहीं हारीं और किसी भी प्रतिद्वंद्वी ने एक मैच में उनके खिलाफ 28 से ज्यादा अंक नहीं बनाए। वर्ल्ड नम्बर-नौ खिलाड़ी मियाजाकी ने एन से यंग को फाइनल की शुरुआत में कड़ी टक्कर दी। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए एन को कोर्ट पर दौड़ाया और उनकी लय बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि, एन से यंग ने धीरे-धीरे खेल पर अपना नियंत्रण वापस हासिल किया और दूसरे गेम में निर्णायक बढ़त बना ली। एन अब आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने की कोशिश करेंगी।
