दो ट्रॉफियां एक ही खिलाड़ी के नाम, बाकी दो पर नए चैम्पियन
टेनिस ग्रैंडस्लैम: 2026 में किसने महिला टेनिस पर किया राज?
खेलपथ संवाद
न्यूयॉर्क। टेनिस में ग्रैंडस्लैम खिताब किसी भी खिलाड़ी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल होता है। पूरे साल ऑस्ट्रेलियन ओपन से शुरू होकर फ्रेंच ओपन, विम्बलडन और आखिर में यूएस ओपन तक दुनिया की शीर्ष महिला खिलाड़ी एक-दूसरे से भिड़ती हैं। 2026 का महिला एकल ग्रैंडस्लैम सत्र भी काफी दिलचस्प रहा। चारों टूर्नामेंट में तीन अलग-अलग चैम्पियन देखने को मिले, लेकिन सबसे बड़ी सफलता एलेना रिबाकिना के हिस्से आई।
कजाखस्तान की रिबाकिना ने साल के पहले और आखिरी ग्रैंडस्लैम यानी ऑस्ट्रेलियन ओपन और यूएस ओपन दोनों पर कब्जा जमाया। वहीं रूस की युवा मीरा एंड्रीवा ने फ्रेंच ओपन, जबकि चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा ने विम्बलडन जीतकर सुर्खियां बटोरीं। यानी 2026 में चार ट्रॉफियां तीन खिलाड़ियों के नाम रहीं और इनमें रिबाकिना सबसे आगे रहीं।
ऑस्ट्रेलियन ओपन: रिबाकिना ने सबालेंका को हराकर किया आगाज- साल के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में रिबाकिना ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरुआती दौर से लेकर फाइनल तक लगातार मजबूत खेल दिखाया और कई बड़ी खिलाड़ियों को शिकस्त दी। फाइनल में रिबाकिना ने सबालेंका के खिलाफ तीन सेट का मुकाबला जीतकर साल का पहला बड़ा खिताब अपने नाम किया।
फ्रेंच ओपन: एंड्रीवा ने युवा जोश से रचा इतिहास- क्ले कोर्ट के सबसे बड़े टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन में युवा मीरा एंड्रीवा का जलवा देखने को मिला। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार टेनिस खेला और फाइनल तक पहुंचने के दौरान सिर्फ एक सेट गंवाया। एंड्रीवा ने फाइनल में सीधे सेटों में जीत दर्ज की और ग्रैंडस्लैम चैम्पियन के रूप में अपनी पहचान मजबूत की।
विम्बलडन: नोस्कोवा ने पहली बार चखा ग्रैंडस्लैम खिताब का स्वाद- घास के कोर्ट पर खेले जाने वाले विम्बलडन में चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा ने कमाल कर दिया। उनका सफर आसान नहीं था। उन्हें तीसरे दौर में तीन सेट तक जाना पड़ा, जबकि फाइनल में भी उन्होंने दूसरा सेट गंवाने के बाद वापसी की। फाइनल में नोस्कोवा ने पहला सेट आसानी से जीता, लेकिन मुचोवा ने दूसरे सेट में वापसी कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक सेट में नोस्कोवा ने धैर्य बनाए रखा और 6-3 से जीत दर्ज कर विंबलडन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
यूएस ओपन: फिर लौटीं रिबाकिना, सबालेंका को फाइनल में हराया- साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन में एक बार फिर रिबाकिना का दबदबा देखने को मिला। खास बात यह रही कि फाइनल में उनके सामने वही सबालेंका थीं, जिन्हें उन्होंने साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में भी हराया था। इस जीत के साथ रिबाकिना ने 2026 में अपना दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीता। चारों ग्रैंडस्लैम में दो ट्रॉफियां एक ही खिलाड़ी के नाम होना उनके दबदबे को बताने के लिए काफी है।
