पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों को आस्ट्रेलिया में धोने पड़े बर्तन
कप्तान ने सुनाई आपबीती, होटल में हुआ ऐसा व्यवहार
खेलपथ संवाद
सिडनी। पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे ने एक बार फिर देश के खेल एडमिनिस्ट्रेशन की पोल खोल दी है। एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के लिए गई टीम को न सिर्फ मैचों में हार का सामना करना पड़ा, बल्कि ऑफ-फील्ड पर भी अपमानजनक हालात झेलने पड़े। टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने लाहौर एयरपोर्ट पर लौटते ही मीडिया से बातचीत में कई खुलासे किए और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की कड़ी आलोचना की।
पाकिस्तानी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने खुलासा किया कि ऑस्ट्रेलिया में उनकी टीम को न सिर्फ होटल में बुकिंग नहीं होने के कारण सड़कों पर भटकना पड़ा, बल्कि मैच खेलने के लिए जाने से पहले बर्तन भी धोने पड़े। शकील अम्माद बट ने कहा, ‘अब पानी सिर के ऊपर से बाहर चला गया है। हम फेडरेशन के मौजूदा मैनेजमेंट के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले रसोई साफ करनी पड़ती है और बर्तन धोने पड़ते हैं तो आप हमसे कैसे अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं।
दौरे के दौरान टीम को कई परेशानियां झेलनी पड़ीं। सिडनी एयरपोर्ट पर कैनबरा जाने वाली उड़ान से पहले 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा। होटल पहुंचने पर पता चला कि बुकिंग ही नहीं हुई, क्योंकि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने एडवांस पेमेंट नहीं किया था। खिलाड़ी और स्टाफ घंटों सड़कों पर भटकते रहे। बाद में स्थानीय पाकिस्तानी लोगों की मदद से होटल की व्यवस्था हुई। कप्तान ने और खुलासा किया कि एयरबीएनबी के जरिए सिर्फ 10 दिनों की बुकिंग हुई थी, लेकिन टीम को 13 दिन रुकना था। 10 दिन बाद उन्हें सस्ते और कम सुविधाओं वाले होटल में शिफ्ट होना पड़ा। दूसरी ओर, पाकिस्तान खेल बोर्ड ने पुष्टि की कि उन्होंने होटल व्यवस्था के लिए पीएचएफ को 1 करोड़ से ज्यादा पाकिस्तानी रुपए दिए थे, लेकिन फेडरेशन ने इसका सही इस्तेमाल नहीं किया।
इस दौरे पर पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ मैच खेले, लेकिन सभी में हार मिली। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया से 2-3 से हार मिली। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो पीएचएफ के मुख्य संरक्षक हैं, उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। पीएसबी के महानिदेशक नूर उस सबाह ने कहा कि पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
