एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में भारतीय शूटरों का जलवा

पदक तालिका में शीर्ष पर रहा भारत

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। जैसी कि उम्मीद थी, भारत ने शुक्रवार को एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन दिवस पर, मेजबान देश ने छह स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीतकर महाद्वीप में अपनी मजबूत स्थिति को और भी पुख्ता कर लिया।

भारतीय निशानेबाजों ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल जूनियर स्पर्धाओं में सर्वोच्च स्थान हासिल किया, साथ ही 50 मीटर पिफल प्रोन महिला सीनियर और जूनियर स्पर्धाओं में भी तीन-तीन पदक जीते। टीम स्पर्धाओं में भी उन्होंने चार स्वर्ण पदक जीतकर चैम्पियनशिप का शानदार समापन किया।

25 मीटर सेंटर फायर स्पर्धा में, अमनप्रीत सिंह ने प्रेसिजन और रैपिड स्टेज में 589-24x के अंतिम स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। ओलम्पियन गुरप्रीत सिंह ने 584-20x के स्कोर के साथ रजत पदक और अंकुर गोयल ने 570-11x के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। तीनों ने मिलकर टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया।

सूरज शर्मा ने 25 मीटर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में 585-25x के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीतकर साल की अपनी शानदार शुरुआत जारी रखी, वहीं मुकेश नेलावल्ली ने चैम्पियनशिप में एक और पदक हासिल किया, इस बार उन्होंने 582-21x के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। बधिर ओलम्पिक पदक विजेता अभिनव देशवाल ने 573-17x के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। इस तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक भी जीता।

50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में ओलम्पियन सिफ्ट कौर समरा ने 623.2 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि 2010 की विश्व चैम्पियन तेजस्वनी सावंत ने अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने के पांच साल बाद शानदार कांस्य पदक हासिल किया। कजाकिस्तान की येलीजावेता बेजरुकोवा ने स्वर्ण पदक जीता। सिफ्ट और तेजस्वनी ने मानिनी कौशिक के साथ मिलकर भारत के लिए टीम स्वर्ण पदक जीता।

जूनियर वर्ग में धवलिका देवी न्यामुरुस ने 614.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया, जबकि कजाकिस्तान की निशानेबाज तोमिरिस अमानोवा और दरिया पोनोमारेन्को ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते। प्राची गायकवाड़, अनुष्का थोकुर और देवी की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स