लॉन बॉल में भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंची

न्यूजीलैंड को हराकर रजत पदक किया पक्का
बर्मिंघम।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का सातवां पदक सोमवार (एक अगस्त) को पक्का हो गया है। महिला लॉन बॉल टीम ने इतिहास रचते हुए रजत पदक पक्का कर लिया है। उसने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में नॉरफ्लॉक आइसलैंड को हराया था।
लवली चौबे (पहले), पिंकी (दूसरे), नयनमोनी सैकिया (तीसरे) और रूपा रानी टिर्की (स्किप) की भारतीय चौकड़ी ने मैच में शानदार वापसी की। अब फाइनल में उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। अफ्रीकी टीम ने फिजी को 16-14 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया है। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया है, क्योंकि कीवी टीम के पास इस खेल में 40 पदक हैं। वह दुनिया की शीर्ष पांच लॉन बॉल टीमों में शामिल है।

रिलेटेड पोस्ट्स