भारत को वैश्विक खेल क्षेत्र में उच्च स्तर पर देखना हमारा सपनाः नीता अम्बानी

भारतीय ओलम्पिक संघ को मिला रिलायंस का साथ
नई दिल्ली।
अरबपति मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने भारतीय एथलीटों का समर्थन करने के उद्देश्य से एक बड़ा एलान किया है। उसने बुधवार (27 जुलाई) को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की घोषणा की। रिलायंस ने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और ओलम्पिक सहित प्रमुख बहु-खेल आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए ऐसा किया है।
आरआईएल ने एक बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत, आरआईएल और आईओए पेरिस ओलम्पिक 2024 में पहली बार इंडिया हाउस भी स्थापित करेंगे। यह ओलम्पिक आयोजन के लिए कम्पनी की एक और प्रतिबद्धता को दिखाता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की निदेशक और अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की सदस्य नीता अंबानी ने कहा, "भारत को वैश्विक खेल क्षेत्र में उच्च स्तर पर देखना हमारा सपना है। आईओए के साथ हमारी साझेदारी विश्व स्तर के बुनियादी ढांचे और अवसरों के साथ देश भर में युवा एथलीटों को समर्थन और सशक्त बनाने के लिए रिलायंस फाउंडेशन की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।"
भारतीय ओलम्पिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “मैं रिलायंस इंडस्ट्रीज और नीता अंबानी को भारतीय ओलम्पिक संघ के साथ इस साझेदारी के लिए और भारतीय खेलों का समर्थन करने और अगली पीढ़ी के बच्चों को ओलम्पिक में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के लिए धन्यवाद देता हूं। पेरिस 2024 में इंडिया हाउस होना एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह ओलम्पिक के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक बड़ा कदम है।" पेरिस 2024 ओलम्पिक के लिए भारत जून 2023 में मुंबई में नव-विकसित बहुस्तरीय केंद्र जियो वर्ल्ड सेंटर में 140वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति सत्र की मेजबानी भी करेगा।
ओलम्पिक हॉस्पिटैलिटी हाउस क्या है?
आधिकारिक ओलम्पिक हॉस्पिटैलिटी हाउस के साथ दुनिया भर के राष्ट्र ओलम्पिक खेलों के दौरान अपने ओलम्पिक आंदोलन की भागीदारी को मजबूत करते हैं। यह उस देश की एक दृष्टि और समझ प्रदान करता है। यह अधिकारियों, खिलाड़ियों, उनके परिवारों और आमजनों को शामिल करने के लिए एक अवसर के रूप में भी कार्य करता है। 2024 के पेरिस ओलम्पिक में भारत का पहला घर होगा। 2016 के रियो ओलम्पिक में 50 से अधिक देशों ने हॉस्पिटैलिटी हाउस की स्थापना की थी।

रिलेटेड पोस्ट्स