राष्ट्रमंडल खेलों में तेजस्विन शंकर लगाएंगे कूद

आईओए के आग्रह पर मिला मौका, पहले एंट्री हुई थी रद्द
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
ऊंची कूद के एथलीट तेजस्विन शंकर को राष्ट्रमंडल खेलों में खेलने की अनुमति मिल गई है। इससे पहले आयोजकों ने विलम्ब से मिली उनकी एंट्री रद्द कर दी थी। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के आग्रह पर राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीएफ) ने उन्हें बर्मिंघम में हिस्सेदारी करने की अनुमति दे दी है। 
उल्लेखनीय है कि तेजस्विन को पहले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। वह दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे। हाईकोर्ट ने भारतीय एथलेटिक्स संघ से तेजस्विन को शामिल करने के लिए कहा था। आईओए के बयान के मुताबिक, ‘‘तेजस्विन शंकर की प्रविष्टि को सीजीएफ द्वारा अनुमोदित किया गया है और इसे डीआरएम के दौरान राष्ट्रमंडल खेल बर्मिंघम 2022 के खेल प्रवेश विभाग द्वारा स्वीकार किया गया है।’’ तेजस्विन के अलावा धाविका एमवी जिलना को भी भारतीय दल में शामिल करने की मंजूरी मिल गई है। 
चार गुणा 100 मीटर रिले टीम की इस सदस्य को भारतीय एथलेटिक्स संघ ने पहले 37वें सदस्य के तौर पर टीम में शामिल किया था, लेकिन आईओए ने 36 खिलाड़ियों से अधिक की मंजूरी नहीं दी थी। एएफआई के अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि जिलना को सेकर धनलक्ष्मी की जगह टीम में शामिल किया जाएगा। धनलक्ष्मी को 100 मीटर दौड़ के अलावा चार गुणा 100 मीटर रिले टीम में स्पर्धा करनी थी, लेकिन वह डोप जांच में विफल रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स