महिला हॉकी की खिताबी जंग उड़ीसा और कर्नाटक के बीच

12वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
भोपाल।
12वीं राष्‍ट्रीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को उड़ीसा और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। सोमवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कर्नाटक ने हरियाणा को 2-0 से पराजित किया वहीं उड़ीसा ने झारखंड को 5-0 से शिकस्‍त देकर खिताबी मुकाबले में अपना स्‍थान पक्‍का किया।
राजधानी भोपाल के मेजर ध्‍यानचंद मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मैच का पहला गोल 34वें मिनट में निशा पीसी ने मैदानी गोलकर कर्नाटक को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 53वें मिनट में पूजीथा बीएन ने गोल किया। हॉकी हरियाणा ने मैच के अंतिम मिनट तक कड़ी चुनौती दी लेकिन हॉकी कर्नाटक 2-0 से जीत हासिल करने और प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा। 
दूसरे सेमीफाइनल में मैच का पहला गोल हाकी एसोसिएशन उड़ीसा के लिए 21वें मिनट में रोजिता कुजूर ने पेनल्‍टी स्‍ट्रोक पर किया। 35वें मिनट में जाह्नवी प्रधान ने मैदानी गोल कर स्‍कोर 2-0 कर दिया। 36वें मिनट में रोजिता ने टीम के लिए तीसरा व खुद के लिए दूसरा गोल किया। रोजिता ने 48वें मिनट में भी शानदार मैदानी गोल किया। मैच का पांचवां व अंतिम गोल भारती एक्‍का ने 60वें मिनट में किया। तीसरे स्‍थान के लिए मुकाबला हरियाणा और झारखंड के बीच खेला जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स