खेलो इंडिया यूथ गेम्स में ऐसे करें आनलाइन पंजीयन

डोप टेस्ट के बाद खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
हरियाणा की मेजबानी में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आगाज होने में कुछ दिन ही शेष हैं। जिन खिलाड़ियों को इन खेलों में हिस्सा लेना है वह आनलाइन पंजीयन कर खेलने की पात्रता हासिल कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें केन्द्रीय खेल मंत्रालय की वेबसाइट kheloindia.gov.in में जाकर पंजीयन करना होगा। इस वेबसाइट में चाही गई हर जानकारी 18 साल से कम उम्र के युवा बालक-बालिकाओं को देनी होगी।
इन खेलों में देश के हर प्रांत के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों को डोट टेस्ट से गुजरना होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने यूथ गेम्स का शुभंकर (मस्कट), लोगो, जर्सी और थीम गीत लांच किया। खेल 4 से 13 जून तक पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगे। केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि डोप टेस्ट पास करने पर ही खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले पाएंगे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) डोप टेस्ट करवाएगा। संदेह की स्थिति में खेलों के दौरान भी खिलाड़ियों का औचक डोप टेस्ट कराया जा सकेगा। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 8000 से अधिक खिलाड़ियों की मेजबानी के लिए हरियाणा पूरी तरह तैयार है। ये खेल बहुत इंतजार के बाद आए हैं। कोरोना महामारी के कारण तीन बार इसकी तिथि स्थगित हुई। अब इन खेलों का आगाज हो रहा है। खेलों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि गेम्स के चौथे संस्करण में योग, थांगटा, गतका, मलखंब व कलरिपट्टू जैसे पारम्परिक स्वदेशी खेलों को भी शामिल किया है। खेल और खिलाड़ियों के लिए दर्शक महत्वपूर्ण होते हैं। दर्शकों की हौसला अफजाई खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और स्फूर्ति पैदा करती है, इसलिए आयोजन स्थलों पर दर्शकों की अच्छी खासी संख्या जुटाएं। आसपास के जिलों के स्कूलों के बच्चों को मैदान पर लेकर आएं, उन्हें ओलम्पिक व अन्य पदक विजेता खिलाड़ियों से मिलवाया जाए।
खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल हरियाणा में आ रहा
अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि लांच कार्यक्रम शुभंकर की तरह ही धाकड़ है, खेल भी धाकड़ ही होंगे। हरियाणा खेल, खिलाड़ी, पदकों के मामले में हमेशा देश में नम्बर वन रहा है। यूथ गेम्स में अब तक का खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल हरियाणा में आ रहा है, यह गर्व की बात है।
हरियाणा की धरती सोना उगलती है, वैसे ही हमारे खिलाड़ी जीतकर गोल्ड ला रहे: सीएम
पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में यूथ गेम्स के आगाज पर हरियाणवी कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक कला की छठा बिखेरी। चौथे संस्करण के शुभंकर धाकड़ ट्रैक्टर पर धमक दिखाते हुए मंच पर पहुंचे। खेलो इंडिया के पहले के शुभंकर जया, विजय पहले से मंच पर थे। जर्सी को राज्य मंत्री संदीप सिंह ने मनु भाकर समेत दस पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ लांच किया। लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री अनुराग ने बटन दबाकर किया। जैसे ही थीम गीत बजा, पूरा सभागार गूंज उठा। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की धरती, मिट्टी विशेष प्रकार की है। जैसे मिट्टी सोना उगलती है, वैसे ही हमारे खिलाड़ी जीतकर गोल्ड ला रहे हैं। सीएम ने कहा कि खेल हरियाणा की संस्कृति में रचे-बसे हैं। खेलों से व्यक्ति का शरीर तो बलशाली होता ही है, मस्तिष्क भी तेज होता है और चंचल मन निर्मल होता है। खिलाड़ी सद्भाव और सद्गुण से भर जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं। ताऊ देवीलाल खेल परिसर पंचकूला में हॉकी एस्ट्रोटर्फ, वॉलीबॉल इंडोर हॉल व बास्केटबॉल इंडोर हॉल का निर्माण करोड़ों रुपये से करवाया है। सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, बैडमिंटन हॉल आदि का नवीनीकरण किया गया है। अंबाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्वीमिंग पूल तैयार है।
खेलप्रेमियों की भी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्वास दिलाता हूं कि खेल विभाग व्यवस्था में कमी नहीं आने देगा। भरपूर व्यवस्था की गई है। खेलप्रेमियों की भी इसमें खूब भूमिका रहने वाली है। खेलों, खिलाड़ियों के लिए कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। कोविड से पहले जो 500 नर्सरी चल रही थीं, उनको दोबारा शुरू करेंगे। इनकी संख्या बढ़ाने के लिए खेल विभाग काम कर रहा है। इसके लिए 1000 गांवों को चिह्नित किया गया है। 550 पार्क एवं व्यायामशाला बनकर तैयार हो चुकी हैं। 1000 योग शिक्षकों की भर्ती शुरू कर दी है।
अनुराग ठाकुर बोले, नाडा की डीजी खेलों के दौरान खुद मौजूद रहेंगी
केंद्रीय खेल एवं युवा मामले मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेलों के दौरान नाडा की महानिदेशक रितु सैन हरियाणा व अन्य आयोजन स्थलों पर मौजूद रहेंगी। खिलाड़ी कई बार अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित सप्लीमेंट व एनर्जी ड्रिंक उपयोग में लाते हैं, जिससे डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर उनके खेल जीवन पर दाग लग जाता है। बकौल अनुराग ठाकुर, केंद्र सरकार नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) को मजबूत कर रही है। पहले इसमें स्थायी डीजी तक नहीं होता था, नरेंद्र मोदी सरकार ने रितु सैन को जिम्मा सौंपा है। भारतीय खेलों को डोपमुक्त करने के निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार, नाडा और साई खिलाड़ियों को प्रतिबंधित सप्लीमेंट व एनर्जी ड्रिंक न लेने के लिए जागरूक करे। खेलों के आयोजन स्थलों पंचकूला, चंडीगढ़, दिल्ली, शाहाबाद व अंबाला में नाडा के कर्मचारी खिलाड़ियों पर नजर रखने के लिए तैनात रहेंगे। केंद्र सरकार 2300 एथलीटों पर करोड़ों रुपये खर्च रही है। प्रति एथलीट 6 लाख रुपये खर्चे जा रहे हैं। युवा एथलीटों को 144 करोड़ रुपये खर्च कर भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।
खेलो इंडिया यूथ गेम की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
सबसे पहले आपको युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ऑफिसियल वेबसाइट पर जाना होगा। जिसके बाद आपके सामने वेबसाइट का होम पेज खुलता है। इसी पेज पर आपको रजिस्टर हेयर का विकल्प दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें। अगले पेज में आपके सामने रजिस्ट्रेशन करने के लिए कई ऑप्शन आ जायेंगे। इस स्कीम के तहत भाग लेने व पंजीकरण करवाने के लिए आवेदन करने वाले की उम्र 18 वर्ष तक ही होनी चाहिए। इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाला किसी स्कूल या कॉलेज का छात्र होना चाहिए। सबसे पहले आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाएँ। दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही आपके सामने आधिकारिक वेबसाइट का होम पेज खुल जाएगा। यहाँ आपको दिए गए new user? register here के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इस लिंक पर क्लिक करते ही आप के सामने अगला पेज खुलेगा। इस पेज पर आपको कुछ विकल्प मिलेंगे। जिनमें से आपको इन खेलों के लिए अपना रोल चुनना होगा। अगर आप एथलीट का चुनाव करना चाहते हैं तो उस पर क्लिक कर दें। क्लिक करने के बाद नीचे दिए गए proceed के बटन पर क्लिक कर दें। क्लिक करने के बाद एक नया इंटरफ़ेस खुलेगा जहाँ आपको Khelo India Youth Games के लिए पंजीकरण हेतु आवेदन पत्र प्राप्त होगा। ये आवेदन पत्र आपको 4 भागों में भरना होगा। इसमें आप को सभी पूछी गयी जानकारी भरनी होगी। पहले भाग में आपको व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी जैसे कि आपका नाम, पता माता पिता का नाम व उनका पेशा, आपका स्थायी पता, संपर्क के लिए पता स्पोर्ट्स और कीटिंग सम्बन्धी जानकारी इत्यादि भरना होगा। इसके अलावा आपको नियत स्थान पर अपनी फोटो अपलोड करनी होगी। आवेदन पत्र के दूसरे भाग में आपको अपनी शिक्षा सम्बन्धी जानकारी और आपके बैंक खाते सम्बन्धी जानकारी देनी होगी। अगले भाग में कुछ अन्य जानकारी पूछी गयी हैं जिन्हे भरकर आप अगले और आखिरी भाग पर पहुंच सकते हैं। चौथे और अंतिम भाग में आपको आवेदन पत्र में भरी सभी जानकारी का preview दिया जाएगा जिसमें अगर आप कोई सुधार करना चाहें तो कर सकते हैं। उसके बाद आप finish और submit के बटन पर क्लिक कर दें। इस तरह से आपका खेलो इंडिया यूथ गेम में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पंजीकरण के समय लगने वाले कुछ आवश्यक दस्तावेज़ हैं आधार कार्ड, पहचान पत्र, बैंक अकाउंट पास बुक विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल बोनाफाइड प्रमाण पत्र।

 

रिलेटेड पोस्ट्स