झांसी की ज्योति सिंह भारतीय जूनियर हॉकी टीम की करेंगी कप्तानी

मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ग्वालियर में चमकी हॉकी बेटी की किस्मत
खेलपथ संवाद
झांसी।
21 से 29 मई तक यूरोप में होने वाली हॉकी प्रतियोगिता के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। जिसमें झांसी की बेटी ज्योति सिंह को भारतीय जूनियर हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया है। कप्तान की घोषणा होते ही झांसी के हॉकी प्रेमियों में खुशी की लहर है।
सीपरी बाजार निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट धीरज परिहार की पुत्री ज्योति सिंह की रुचि शुरू से ही खेलों में थी। शुरुआत में वह अपने पिता के साथ स्टेडियम में एथलेटिक्स का अभ्यास करने जाती थी। लेकिन स्टेडियम में हॉकी खेल को देखकर उन्होंने हॉकी खेलने की ठानी। उनकी रुचि को देखते हुए उनके पिता ने हॉकी का अभ्यास शुरू कराया। शुरुआती अभ्यास के बाद उनका दाखिला मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ग्वालियर में करा दिया। अपने खेल के दम पर उन्होंने वर्ष 2023 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित इंडियन जूनियर महिला टीम में प्रतिभाग किया था। ज्योति आयरलैंड में आयोजित पांच देशों के प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल, हॉकी अकादमी नेशनल चैम्पियनशिप 2022 में गोल्ड मेडल, प्रथम हॉकी वूमेन अकादमी नेशनल चैम्पियनशिप राउरकेला 2023 में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं। वर्तमान में वह बेंगलुरू में चल रहे हॉकी इंडिया कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं हैं। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ज्योति सिंह के नेतृत्व में बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड के साथ मैच खेलेगी। टीम का पहला मुकाबला 21 मई को नीदरलैंड के ब्रेडा में होगा। 22 और 24 मई को बेल्जियम से मुकाबला होगा। 26 व 27 मई को जर्मनी से भिड़ंत होगी। 29 मई को अंतिम मैच होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स