तुर्की में 14 भारतीय पहलवान पेरिस ओलम्पिक के लिए ठोकेंगे ताल

ओलम्पिक क्वालीफायर का आखिरी मौका, चार बेटियां कर चुकीं क्वालीफाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
ओलम्पिक का कोटा हासिल करने के लिए 14 सदस्यीय भारतीय कुश्ती दल विश्व ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता के लिए तुर्की के इस्तांबुल में है। ओलम्पिक में कोटा हासिल करने के लिए पहलवानों के पास यह आखिरी मौका है। पेरिस ओलम्पिक की जहां तक बात है अब तक चार भारतीय बेटियां ही क्वालीफाई कर सकी हैं। अब तक कोई पुरुष पहलवान भारत को ओलम्पिक कोटा नहीं दिला सका है।
तुर्की के इस्तांबुल में 9 से 12 मई तक विश्व ओलम्पिक कुश्ती क्वालीफायर प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। जिसके लिए 10 व 11 मार्च को सोनीपत साई में ट्रायल लेकर टीम का चयन किया गया था। प्रतियोगिता में चयन के बाद भी नेशनल शिविर नहीं लग सका था। जिसके चलते ज्यादातर पहलवानों ने प्रतियोगिता के लिए अपने स्तर पर ही पसीना बहाया है। इस प्रतियोगिता के लिए पहलवानों ने जमकर अभ्यास किया है। प्रतियोगिता में किसी भी भारवर्ग में पहले तीन स्थान पर रहने वाले पहलवान अपने देश के लिए पेरिस ओलम्पिक का कोटा हासिल करेंगे। गांव पुगथला के नवीन, झज्जर के गांव छारा के दीपक पूनिया और चरखी दादरी के इमलोटा के सुजीत ने रूस में अभ्यास किया है।
ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में दीपक पूनिया, अमन सहरावत, नवीन व सुनील से काफी उम्मीद है। दीपक पूनिया व सुजीत पिछले दिनों समय पर नहीं पहुंचने के चलते एशियन ओलम्पिक क्वालीफायर में भाग नहीं ले पाए थे।
इन पर है दारोमदारः महिला वर्ग: मानसी (रोहतक हरियाणा, रेलवे से खेलती हैं, 62 किलो), निशा (रोहतक हरियाणा, रेलवे से खेलती हैं, 68 किलो) शामिल हैं।
फ्रीस्टाइल वर्ग: अमन (झज्जर, हरियाणा, 57 किलो), सुजीत, (चरखी दादरी हरियाणा, 65 किलो), जयदीप (सोनीपत, हरियाणा, 74 किलो), दीपक पूनिया (झज्जर, हरियाणा, सेना से खेलते हैं 86 किलो), दीपक (हरियाणा, सेना से खेलते हैं, 97 किलो), सुमित (झज्जर, हरियाणा, 125 किलो) शामिल हैं।
ग्रीको रोमन वर्ग: सुमित (झज्जर, हरियाणा चंडीगढ़ से खेलते हैं, 60 किलो), आशु (सोनीपत हरियाणा, रेलवे से खेलते हैं, 67 किलो), विकास (झज्जर, हरियाणा, रेलवे से खेलते हैं, 77 किलो), सुनील, (सोनीपत, हरियाणा, रेलवे से खेलते हैं 87 किलो), नितेश ( हरियाणा, रेलवे से खेलते हैं, 97 किलो), नवीन (सोनीपत, हरियाणा, सेना से खेलते हैं, 130 किलो) शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स