हॉकी प्रो लीग में हरमनप्रीत करेंगे भारत की कप्तानी

हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम का किया ऐलान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व में 24 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा की है। यह टीम पेरिस ओलम्पिक से पहले एंटवर्प, बेल्जियम और लंदन, इंग्लैंड में आयोजित होने वाली एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023-24 में हिस्सा लेगी। बेल्जियम चरण 22 मई को शुरू होगा और 30 मई को समाप्त होगा। जबकि इंग्लैंड चरण 1 जून को शुरू होगा और 12 जून को समाप्त होगा। 
भारत 22 मई को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दोनों चरणों में अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ दो-दो बार खेलेगा। भारत फिलहाल आठ मैचों में 15 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। टीम की कमान कप्तान हरमनप्रीत सिंह संभालेंगे तो मिडफील्डर हार्दिक सिंह को उप कप्‍तान बनाया गया हैं। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक पर होगी। टीम चयन पर मुख्य कोच क्रेग फल्टन ने कहा कि हम शिविर में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और एक-दूसरे के गेमप्ले की समझ विकसित की है। पेरिस ओलम्पिक से पहले, हम शीर्ष गुणवत्ता वाली टीमों के खिलाफ खेलेंगे, जो हमें आगे बढ़ने में मदद करेगी।
वहीं, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि हम ओलम्पिक वर्ष में एफआईएच हॉकी प्रो लीग के साथ सीजन शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं। जहां हम शीर्ष गुणवत्ता वाली टीमों से खेलेंगे। हमने खिलाड़ियों को अनुभव देने के लिए एक टीम चुनी है। मुझे पेरिस ओलम्पिक से पहले कुछ खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा मोड में देखने का मौका मिलेगा।
भारतीय टीमः गोलकीपर: श्रीजेश परट्टू रवीन्द्रन, कृष्ण बहादुर पाठक, डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय, जुगराज सिंह, विष्णुकांत सिंह, मिडफील्डर: विवेक सागर प्रसाद, नीलकंठ शर्मा, मनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह, हार्दिक सिंह, राजकुमार पाल, मोहम्मद राहिल मौसीन, फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह, आकाशदीप सिंह, अरजीत सिंह हुंदल, बॉबी सिंह धामी।

रिलेटेड पोस्ट्स