पेरिस ओलम्पिक में जगह बनाना पहला लक्ष्यः श्रीजेश

युवाओं को अधिकाधिक मौका भी देंगे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा है कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम का पहला उद्देश्य इस साल एशियाई खेलों में जीत हासिल करके पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करना है। श्रीजेश के अनुसार 2022 में भारत की हॉकी टीम को काफी मैच खेलने हैं और इस दौरान युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा। इस साल टीम इंडिया राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाड जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं में शामिल होगी। 
टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए हॉकी का नया सीजन फरवरी से शुरू होगा। एफआईएच हॉकी प्रो लीग से खिलाड़ी साल की शुरुआत करेंगे। इसके बाद भारतीय टीम कई बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा बनेगी। श्रीजेश ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "हर ओलम्पिक के बाद हम अगले चार साल के लिए योजना बनाते हैं। इसलिए टोक्यो के बाद हमने पहले ही पेरिस ओलम्पिक की योजना बनानी शुरू कर दी है। टीम में बहुत सारे बदलाव होने जा रहे हैं, कोर ग्रुप में बहुत से नए लोगों को जोड़ा जाएगा।"
श्रीजेश इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पहल का एक हिस्सा हैं जिसमें टोक्यो ओलम्पिक और पैरालम्पिक में पदक जीतने वाले 18 खिलाड़ी एक वीडियो में साथ आए हैं और राष्ट्रगान गाया है, जिसे सोमवार को जारी किया गया था। यह पूछे जाने पर कि क्या दो साल दूर पेरिस ओलम्पिक के साथ युवाओं को तैयार करने का यह सही समय है। इस पर श्रीजेश ने कहा कि अभी काफी मुकाबले बचे हुए हैं, ऐसे में जूनियर खिलाड़ियों को मौका देना अच्छा होगा। उन्होंने कहा "मैं यह नहीं कह रहा कि हम बहुत सारे युवाओं को सीधे टीम में लाएंगे, लेकिन कोर ग्रुप में उनके शामिल होने से उन्हें और मौके मिलेंगे। हम इस साल की शुरुआत एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों से पहले प्रो लीग से कर रहे हैं। हमें लगभग 16 मैच मिलेंगे और संभवत: एशियाई कप होगा और यही वह मंच है जहां हम युवाओं को आजमा सकते हैं, उन्हें टूर्नामेंट खेलने का मौका दे सकते हैं।"
श्रीजेश ने कहा, "कुछ मौकों पर आपको युवा खिलाड़ियों को मौका देना होगा। यह साल अच्छा रहेगा क्योंकि वे सीनियर खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीख सकते हैं। हमारे लिए पहला लक्ष्य पेरिस के लिए क्वालीफाई करना है, इसलिए एशियाई खेल सबसे बड़ी चुनौती है और उसके बाद विश्व कप दूसरा महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। प्रशिक्षण और जिस तरह से हम अभी खेल रहे हैं, हमने नई रणनीतियों को लागू किया है।" भारत अगले साल जनवरी में एफआईएच पुरुष विश्व कप की मेजबानी करेगा। इस पर उन्होंने कहा, "विश्व कप के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी क्योंकि अभी एशियाई खेलों पर ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन हम भुवनेश्वर में टॉप चार में जगह बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।"

रिलेटेड पोस्ट्स