शिवपुरी में बनेगा सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक

श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर पर भारत सरकार का खेल मंत्रालय फिदा
खेलपथ संवाद
शिवपुरी।
भारत सरकार के खेल मंत्रालय की खेलो इंडिया योजना के तहत मध्यप्रदेश के शिवपुरी के माधवराव सिंधिया खेल परिसर में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा।आधिकारिक सूत्रों ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश की खेल एवं युवक कल्याण तकनीकी शिक्षा कौशल विकास मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयास से शिवपुरी के माधवराव सिंधिया स्टेडियम में लगभग 7 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत से यह नई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। 
इस खेल परिसर में खेलो इंडिया योजना के तहत सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को उच्च स्तर की खेल सुविधा प्राप्त होगी और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अच्छे संसाधन उपलब्ध होंगे। अभी यहां खिलाड़ियों को क्रिकेट और हॉकी की खेल सुविधाएं मिल रही हैं। यहां खेलो इंडिया का हॉकी एक्सीलेंस सेंटर भी चल रहा है। मजे की बात यह है कि यहां मध्य प्रदेश का पहले से ही हॉकी सेंटर चलाया जा रहा था। बेहतर होता यह सेंटर माधव राव सिंधिया खेल परिसर की बजाय कहीं दूसरी जगह खोला जाता जिससे शिवपुरी के अधिकाधिक खिलाड़ी लाभान्वित होते। यहां चल रहे मध्य प्रदेश के हॉकी सेंटर में गीता लखेरा तो खेलो इंडिया के इसी सेंटर में आकाश चतुर्वेदी बतौर प्रशिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स