साल की अंतिम रैंकिंग में भारतीय हॉकी टीम तीसरे स्थान पर

पाकिस्तान की हुई बत्ती गुल
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम वर्ष की आखिरी एफआईएच रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रही, जबकि ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रही महिला हॉकी टीम ने नौवें स्थान पर वर्ष का अंत किया। 
टोक्यो में 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतने वाली मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरुष टीम ने हाल ही में बांग्लादेश में हुए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भी कांस्य पदक जीता। भारत 2296.04 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। 
वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2642.25 अंक के साथ पहले, एफआईएच प्रो लीग और ओलम्पिक चैम्पियन बेल्जियम 2632.12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। नीदरलैंड्स (चौथे - 2234.33) और जर्मनी (5वें - 2038.71) ने टॉप पांच में अपना स्थान पक्का किया। 
वहीं, इंग्लैंड (6वें - 1990.62), अर्जेंटीना (7वें - 1826.11), न्यूजीलैंड (8वें - 1598.24), स्पेन (9वें - 1532.33) और मलेशिया (10वें - 1427.18) भी टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे। एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली कोरियाई टीम 16वें स्थान पर है। वहीं, जापान 17वें स्थान पर है। पाकिस्तान की रैंकिंग 18वीं है।
महिलाओं में रानी रामपाल की कप्तानी वाली भारतीय हॉकी टीम 1810.32 अंक लेकर महिला टीमों की रैंकिंग में नौवें स्थान पर है। नीदरलैंड्स 3015.35 लेकर टॉप पर है। वहीं, इंग्लैंड 2375.78 अंकों के साथ दूसरे और अर्जेंटीना 2361.28 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने इस साल टोक्यो ओलंपिक में सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया था।

रिलेटेड पोस्ट्स