ग्वालियर के हॉकी चितेरों ने बढ़ाया खिलाड़ी-प्रशिक्षक का मनोबल

विश्व कप खेलकर आए अंकित पाल के स्वागत में निकाली रैली

प्रशिक्षक अविनाश भटनागर का भी किया स्वागत

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। मंगलवार को समूचा ग्वालियर महानगर हॉकी चितेरों के लिए खास था। खास होना भी चाहिए आखिर शहर का खिलाड़ी अंकित पाल उड़ीसा के भुवनेश्वर से विश्व कप हॉकी खेलकर जो लौटा था। इस जांबाज खिलाड़ी का ग्वालियर पहुंचने पर जहां जोरदार स्वागत हुआ वहीं एक रैली भी निकली। सबसे अच्छी बात रही हॉकी खिलाड़ी और उसके प्रशिक्षक अविनाश भटनागर का एक साथ स्वागत और सम्मान।

हॉकी खिलाड़ी अंकित पाल की जगह-जगह गर्मजोशी से हौसलाअफजाई के बाद उस दर्पण मैदान में जोरदार सम्मान किया गया जहां से उसने हॉकी का ककहरा सीखा है। हम आपको बता दें कि हाल ही भुवनेश्वर में हुई जूनियर विश्व कप हॉकी में भारतीय टीम से ग्वालियर के अंकित पाल भी खेले। यद्यपि 2016 का चैम्पियन भारत अपने खिताब की रक्षा नहीं कर सका लेकिन सेमीफाइनल जरूर खेला। मध्य प्रदेश के लिए खुशी की बात यह रही कि भारतीय टीम की कप्तानी उसी के लाड़ले विवेक सागर के हाथों थी।

गौरतलब है कि उड़ीसा से अपने गृह नगर ग्वालियर लौटे अंकित पाल का सुबह 9:00 बजे स्टेशन पर जोरदार स्वागत हुआ। हॉकी खिलाड़ियों ने रेलवे स्टेशन से कैप्टन रूप सिंह की समाधि तक रैली निकाली और कालजयी रूप सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अंकित पाल को उस दर्पण मिनी स्टेडियम ले गए जहां उसने सबसे पहले हॉकी का गुरुज्ञान हासिल किया। दर्पण मिनी स्टेडियम में अंकित पाल ने सबसे पहले अपने गुरु अविनाश भटनागर का माल्यार्पण कर उनसे आशीष लिया उसके बाद मैदान का वंदन किया।

दर्पण में हॉकी के दर्पण का स्वागत-सम्मान होने के बाद रैली अंकित पाल के निवास पर पहुंची। जहां अंकित के माता-पिता एवं रिश्तेदारों ने रोली चंदन से तिलक कर और मिठाई खिलाकर अपने जांबाज बेटे का अभिनंदन किया। शाम चार बजे खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर द्वारा दर्पण मिनी स्टेडियम में अंकित पाल का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जोसेफ वत्सला, एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, कुंवर राज, विक्रम अवॉर्डी विनीता पाठक, ममता सिंह, रोहित शर्मा, कृतिका चंद्रा, रितु तिर्की आदि ने अंकित पाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया। श्री वत्सला ने अंकित पाल को पगड़ी पहनाकर तथा अविनाश भटनागर ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान प्रशिक्षु हॉकी खिलाड़ियों का भी मुंह मीठा कराया गया।

नूतन श्रीवास्तव ने भी किया स्वागत

मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक नूतन श्रीवास्तव ने भी दर्पण मिनी स्टेडियम पहुंच कर अंकित पाल एवं कोच अविनाश भटनागर का पट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।

रिलेटेड पोस्ट्स