खिलाड़ियों के सपनों को पंख लगाता दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करिश्मा, जूनियर इंडिया इशिका सहित अनेक महिला खिलाड़ी छू रहीं शिखर

ब्रह्मप्रकाश श्रीवास्तव

ग्वालियर। करिश्मा यादव, इशिका चौधरी, नेहा सिंह, नीरज राणा, अर्जुन शर्मा, अंकित पाल ये ऐसे नाम हैं, जो ओलम्पियन कैप्टन रूपसिंह, शिवेंद्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हसरत कुरैशी व अरमान कुरैशी और एकमात्र वर्ल्ड कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के  स्टार शिवाजी पवार के शहर यानी ग्वालियर से तालुकात रखते हैं।इसी हॉकी के गढ़ (शहर) में, एक सेंटर है ‘दर्पण मिनी स्टेडियम’ जहां के खिलाड़ी शिखर छूने को बेताब हैं। करिश्मा, इशिका, नेहा और नीरज राणा ये सभी मध्य प्रदेश की लाडंली बेटियाँ हैं जो अपने जिद और जुनून से अपने मुकाम की ओर बढ़ रही हैं।

करिश्मा यादव भारतीय हॉकी टीम से खेलती हैं (फिलहाल, विभागीय ट्रेनिंग में), इशिका जूनियर राष्ट्रीय हॉकी शिविर बेंगलुरु में पसीना बहा रहीं हैं। नेहा कोच बनने की राह पर हैं, एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फिजीकल एजूकेशन) ग्वालियर से एनआईएस कर रही हैं। नीरज मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में प्रशिक्षणरत हैं। अर्जुन लम्बे समय तक देश की स्टार टीम एयर इंडिया से खेलते रहे हैं, अब इंडियन रेलवे से जुड़ गए हैं। अंकित भी बेंगलुरु में नेशनल हॉकी कैंप में हैं। फेहरिस्त लम्बी है बानगी के तौर पर ये कुछ खिलाड़ी हैं जो दर्पण मिनी स्टेडियम में संचालित हॉकी फीडर सेंटर की शान हैं।

मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने 19 जुलाई, 2012 यानी करीब नौ साल पहले भोपाल के ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम के उद्घाटन मौके पर उम्मीद जताई थी, कि प्रदेश की हॉकी का दुनिया भर में नाम हो। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ियों (साई भोपाल में इंडिया कैंप कर रहीं) और प्रदेश के कुछ हॉकी फीडर सेंटर्स के बच्चों को प्रोत्साहित भी किया था। मंशा साफ थी प्रदेश में बेटियों का सम्मान हो उनकी मेहनत बेकार नहीं जाए।  इसे सिद्ध करने में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर काफी हद तक खरा उतरा है। यहां हॉकी द्वारा बेटियों के सम्मान और सशक्तीकरण, दोनों को साकार किया जा रहा है। इसके पीछे खड़े हैं खेल विभाग के प्रशिक्षक अविनाश भटनागर।

115 बच्चों में 40 लड़कियां:

दर्पण स्टेडियम में विभाग की ओर से 2006 से हॉकी की शुरुआत हुई। जहां एनआईएस कोच अविनाश को हॉकी का ककहरा सिखाने की जिम्मेदारी दी गई। बड़े जतन से बच्चों को यहां लाया गया। 2012 में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फीडर सेंटर्स में सुविधाएँ बढ़ाने का ऐलान किया। दर्पण ग्राउंड में भी बच्चे बढ़ने लगे। वर्तमान में 115 बच्चों में 40 लड़कियां यहां रोजाना हॉकी का प्रशिक्षण ले रही हैं। हालांकि विभाग की ओर से 40 (20 बालक और 20 बालिका) बच्चों की सीमा निर्धारित है।

राष्ट्रीय अकादमियों और सेंटर्स में पहुंच रहे यहां के बच्चे:

बतौर, कोच अविनाश भटनागर के अनुसार दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर की 17 लड़कियां- ग्वालियर स्थित मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी  जबकि 16 लड़के भोपाल की पुरुण हाकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा देश के कई साई सेंटर्स में यहां के बच्चे हॉकी में महारत हासिल कर रहे हैं।

विक्रम सहित पांच को सर्वोच्च सम्मान:

फीडर सेंटर की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करिश्मा यादव को प्रदेश के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘विक्रम पुरस्कार’  से 2019 में नवाज़ा गया। जबकि इससे पहले 2015 में करिश्मा और नेहा सिंह को संयुक्त रूप से एकलव्य अवार्ड दिया गया। इसी क्रम में नीरज राणा को 2018 और इशिका चौधरी को 2019 में एकलव्य अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

सर्वश्रेष्ठ सेण्टरों में शुमार:

दर्पण मिनी स्टेडियम में संचालित हॉकी फीडर सेंटर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ सेण्टरों में है। यहां उपलब्धियों, ट्रेनिंग, खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के मिल रहे अवसरों को देखते हुए इसका आकलन किया गया है। शुरुआत में प्रदेश में 19 जगह फीडर सेंटर्स प्रारम्भ हुए लेकिन वर्तमान में करीब 32 सेण्टर्स हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की महात्वाकाक्षी योजना:

प्रदेश में हॉकी के विकास के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी करीब डेढ़ दशक से प्रयासरत हैं। राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति अपने लगाव को वे कई मंचों पर दर्शा चुके हैं। एक समय (वर्ष 2011-12) जब देश की राष्ट्रीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को टीए-डीए नहीं मिल पा रहा था। हॉकी इंडिया ने हाथ खड़े कर दिए थे। उस दौर में मुख्यमंत्री ने अपना खजाना खोल दिया था और भोपाल के साई सेंटर में कैंप कर रही पूरी महिला टीम को भोज पर आमंत्रित कर आर्थिक सहायता दी थी।  तभी से मध्य प्रदेश की हॉकी फीडर सेंटर योजना उनके लिए और महत्वाकांक्षी बन गई थी।

संचालक ने सुविधाएं बढ़ाने दिए निर्देश:

खेल संचालक पवन जैन ने पिछले माह निरीक्षण के दौरान दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर में बच्चों की संख्या और अचीवमेंट देखकर सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए थे। जिसमें मिनी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड बनाने, पीने के पानी और टायलेट्स की सुचारु व्यवस्था आदि शामिल हैं। उस समय संचालक श्री जैन ने कोच को भी शाबासी दी थी।

दर्पण टॉप का सेण्टरः जमील अहमद सिद्दीकी

सहायक संचालक भोपाल एवं हॉकी फीडर सेंटरों के इंचार्ज जमील अहमद सिद्दीकी का कहना है कि दर्पण फीडर सेण्टर काफी पुराना हॉकी फीडर सेण्टर है। मेरे कार्यकाल (2006 से 2015 तक) में ही सेण्टर पर ट्रेनिंग के लिए काफी बच्चे आते थे। वहां की कई लड़कियां इंडिया टीम से खेल रही हैं। ओवर आल हॉकी फीडर सेण्टर्स में दर्पण टॉप का सेण्टर है।

रिलेटेड पोस्ट्स