शिवेन्द्र चौधरी की होनहार टोली ने जीती ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता

खिताबी मुकाबले में कैप्टन रूप सिंह के सितारों ने भी दिखाया जोरदार खेल
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। शिवेन्द्र सिंह चौधरी की होनहार टोली ने बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में सितारा खिलाड़ियों से सजी कैप्टन रूप सिंह टीम को 4-3 से पराजित कर श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति सेवन ए साइड हॉकी प्रतियोगिता जीत ली। प्रतियोगिता की विजेता टीम को रुपये 10 हजार तथा उप-विजेता टीम को रुपये पांच हजार का नगद पारितोषिक प्रदान करने के साथ प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ हॉकी सितारों को भी अतिथियों के करकमलों से सम्मानित किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति सेवन ए साइड हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में बुधवार शाम को खेला गया। फाइनल में शिवेंद्र चौधरी की टोली ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया तथा खेल के 11वें मिनट में समर यादव ने विरोधी टीम की रक्षापंक्ति को छकाते हुए शानदार मैदानी गोल कर टीम को 1-0 से अग्रता दिला दी। समर यादव ने ही 15वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 किया। दो गोल से पिछड़ने के बाद कैप्टन रूप सिंह टीम के शमी कुरैशी ने शानदार मूव बनाते हुए मैदानी गोल दागा, इसके बाद मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने में अंकित प्रजापति ने कोई गलती नहीं की।
निर्धारित समय तक दोनों टीमों का स्कोर 2-2 होने के चलते निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें दोनों ही टीमें 3-3 गोल से बराबर रहीं, इसके बाद हुए सडन डेथ में शिवेन्द्र चौधरी की टोली के समर यादव ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 4-3 से विजेता होने का गौरव दिलाया। फाइनल मुकाबले में अम्पायरिंग का दायित्व विक्रम सिंह एवं रितु अनामिका तिर्की ने निभाया। खिताबी मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि राजेश मिश्रा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. केशव पांडेय, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हसरत कुरैशी ने विजेता टीम को रुपये 10 हजार तथा उप विजेता टीम को रुपये पांच हजार का नगद पुरस्कार तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। नगद पारितोषिक राशि खेलप्रेमी अजय बाजपेयी द्वारा प्रदान की गई।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों समर यादव, नितेंद्र राणा, शमी कुरैशी को सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करने वाले होनहार वंश श्रीवास्तव, अहान शर्मा, अमन बाल्मीकि, ध्रुव शर्मा, अंकित प्रजापति, गौरव रावत के साथ ही दर्पण मिनी स्टेडियम के राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय हॉकी टीम के शिविर में शामिल अर्जुन शर्मा, निक्की कौशल, दीपा शर्मा, वीरेंद्र भदौरिया, पुष्पेंद्र सिंह, कमल किशोर आदि को भी सम्मानित किया गया। छतरी बाजार हॉकी फीडर सेंटर के हॉकी प्रशिक्षक कोमल चौहान को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ हॉकी प्रशिक्षक के सम्मान से नवाजा गया।
अतिथियों का स्वागत विवेक पिसाल (आयोजन सचिव), कमल किशोर शर्मा, अनुराग जैन, अनिल भटनागर, अरुण भटनागर, अंजू भटनागर, तृप्ति भटनागर, नीतू भटनागर, कविता अग्रवाल, सिद्ध सूरी, सविता भटनागर, संगीता दीक्षित, निक्की कौशल, पुष्पेंद्र सिंह, अर्जुन शर्मा आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अविनाश भटनागर (टूर्नामेंट डायरेक्टर) द्वारा किया गया।