सूरज बने दिव्यांग युवाओं के प्रेरणास्रोत

दिव्यांग हैं तो क्या हुआ, हम भी किसी से कम नहीं

खेलपथ प्रतिनिधि

ग्वालियर। दिव्यांगता शारीरिक नहीं व्यक्ति के दिमाग की होती है। शारीरिक रुप से कोई कमी व्यक्ति को दिव्यांग नहीं बनाती बल्कि यदि व्यक्ति में कुछ कर दिखाने का जुनून है तो कोई कमी आड़े नहीं आती। इसके एक नहीं सैकड़ों उदाहरण हैं। ऐसा ही कुछ साबित किया है, ग्वालियर के प्रतिभावान दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सूरज मनकेले ने। सूरज शारीरिक रूप से तो दिव्यांग हैं लेकिन मानसिक एवं जुनूनी रूप में उनका कोई तोड़ नहीं है। सूरज ने दिव्यांग क्रिकेट में एक दो नहीं बल्कि दर्जनों पुरस्कार जीतकर शहर का नाम देश-विदेश में रोशन किया है।

सूरज मनकेले भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं तथा वह देशभर के विभिन्न शहरों के साथ ही दुनिया के भी अनेक देशों में अपने बल्ले एवं विकेटकीपिंग का जौहर दिखा चुके हैं। सूरज आज अनेक दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत हैं। जो दिव्यांग यह सोचते हैं कि हम तो दिव्यांग हैं इसलिए कुछ नहीं कर सकते सूरज उनके लिए नजीर हैं। सूरज ने यह साबित कर दिखाया कि यदि मन में कुछ करने का जुनून हो तो कोई दिव्यांगता आड़े नहीं आती।

सूरज मनकेले ग्वालियर (मध्य प्रदेश) निवासी हैं और 17 साल के क्रिकेट करियर में अब तक 40 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच तथा 100 से ज्यादा राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेल चुके हैं। वह 2003 से क्रिकेट खेल रहे हैं। वह भारत ही नहीं कई देशों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं जिसमें थाईलैंड, मलेशिया, सिंगापुर, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल शामिल हैं। वह 2015 की एशिया कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं। इसके साथ-साथ सूरज मनकेले शासकीय स्कूल भदरौली में पदस्थ हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने कई सम्मान प्राप्त किए हैं तथा समय-समय  पर सामाजिक कार्यों में भी भाग लेकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं।

सूरज ने जीते अनेक अवार्ड

1- ग्लोबल गांधी पीस अवॉर्ड (सवर्ण भारत परिवार)

2- डॉक्टर एपीजे अब्दुल राष्ट्रीय पुरस्कार (सवर्ण भारत परिवार राजस्थान)

3- दिव्यांग खेल रत्न राष्ट्रीय पुरस्कार (उम्मीद हेल्पलाइन राजस्थान)

4- भारत की शान अवार्ड (कॉस्मो वर्ल्ड रिकॉर्ड)

5- डायमंड पीकॉक अवॉर्ड (वॉच मोबाइल वर्ल्ड रिकॉर्ड)

6- राष्ट्रीय खेल रत्न पुरस्कार

7- मेजर ध्यान चंद अवॉर्ड (उड़ान संस्था)

8- मुख्यमंत्री सम्मान अवॉर्ड (अजाक्स)

9- ग्वालियर उत्कृष्ट खेल रत्न अवॉर्ड (जीवाजी क्लब)

10- खेल रत्न अवॉर्ड (ज्वाला शक्ति संगठन)

11- रेड डायमंड अचीवर अवार्ड

12- कॉस्मो लीजेंड अवॉर्ड

सूरज की विशेष उपलब्धियां

हाल ही में गोल्डन बुक ऑफ अर्थ में सूरज मनकेले की पर्सनल जिंदगी पर आधारित उनकी बायोग्राफी को स्थान मिला है। जिसमें 101 पृथ्वी के महान लोगों की, जिसमें 20 देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित नरेंद्र मोदी की बायोग्राफी छापी गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।

रिलेटेड पोस्ट्स