हॉकी खिलाड़ी मुमताज खान को मिलेगी हर महीने 10 हजार की मदद

हिन्दुस्तान समाचार पत्र की पहल को सलाम

लखनऊ। हिन्दुस्तान शिखर समागम में शामिल हुईं हाकी खिलाड़ी मुमताज खान की दास्तां सुनकर छावनी परिषद ने आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। बुधवार को छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में सेना के अधिकारियों और पार्षदों ने मुमताज खान के हिन्दुस्तान शिखर समागम से जुड़े वीडियो को प्रोजेक्टर के जरिए बड़ी स्क्रीन पर देखा। इसे देखने के बाद बोर्ड ने मुमताज को तत्काल 11 हजार रुपए का पुरस्कार देने का निर्णय लिया। छावनी परिषद के सीईओ अमित मिश्रा व पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा नौकरी मिलने तक मुमताज को हर महीने पांच-पाच हजार कुल 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद करेंगे। 

हाकी खिलाड़ी मुमताज खान लखनऊ के कैंट क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता कैंट में सब्जी का ठेला लगाते हैं। सुविधाओं व संसाधनों की कमी के बावजूद वह कभी हिम्मत नहीं हारीं। देश विदेश में नाम रोशन किया। 22 फरवरी को हिन्दुस्तान शिखर समागम में वह शामिल हुई थीं। जिसमें उन्होंने परिवार की स्थिति के बारे में बात की थी। इसके बाद उनकी मदद के लिए तमाम लोग सामने आए। कुछ लोगों ने उसी समय मंच से मदद का ऐलान किया था। अब लखनऊ छावनी बोर्ड ने भी उनकी मदद का निर्णय लिया है। छावनी के अफसरों को हिन्दुस्तान शिखर समागम से छात्रा के बारे में जानकारी हुई। मेजर जनरल प्रवेश पुरी, बोर्ड सदस्यों, छावनी परिषद के सीईओ व अन्य सैन्य अधिकारियों ने वीडियो देखने के बाद मुमताज को मदद देने का निर्णय लिया। खुद अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मदद होनी चाहिए। उसे हर माह नियमित रकम देने के लिए रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया गया। 

साल भर की रकम एक मुश्त मिलेगी
छावनी परिषद के सीईओ अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि साल भर की रकम एक मुश्त मुमताज के खाते में ट्रांसफर करेंगे। इसके लिए उन्होंने मुमताज का बैंक खाता नम्बर मंगाया है। छावनी के वरिष्ठ पार्षद व पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने कहा कि मुमताज छावनी क्षेत्र की बेटी व छात्रा है। बहुत प्रतिभाशाली है। शिखर समागम में ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को बुलाने व सम्मान देने पर उन्होंने हिन्दुस्तान अखबार को धन्यवाद कहा। 

रिलेटेड पोस्ट्स