दादर और नगर हवेली, दमन और दीव तीन स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर

खेलो इंडिया बीच खेलः मणिपुर दो स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर है
खेलपथ संवाद
दीव। केंद्र शासित प्रदेश दादर और नगर हवेली, दमन और दीव में आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 की पदक तालिका में फिलवक्त मेजबान खिलाड़ी तीन स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर हैं जबकि मणिपुर दो स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
19 से 24 मई तक होने वाले खेलो इंडिया बीच गेम्स के पहले संस्करण का मकसद देश में जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है।पिछले साल, बीच गेम्स 2024 का आयोजन इसी वेन्यू पर किया गया था, जिसमें मध्य प्रदेश चैम्पियन बनकर उभरा था। खेलो इंडिया बीच गेम्स एक टीम चैम्पियनशिप के फॉर्मेट में संचालित हो रहा है, जिसमें इंडिविजुअल एथलीटों या टीमों द्वारा जीते गए पदक उनके संबंधित राज्य या यूनियन टेरेटरी (यूटी) की ओवरऑल मेडल टैली में योगदान देंगे।
दीव बीच पर सिर्फ सेपकटकरा या किक वॉलीबॉल का आयोजन हो रहा है, जबकि अन्य सभी स्पोर्ट्स इवेंट घोघला बीच पर आयोजित किए जा रहे हैं। बीच सॉकर, पेनकैक सिलाट, सेपकटकरा, बीच कबड्डी, बीच वॉलीबॉल, ओपन वॉटर स्वीमिंग, मलखम्ब (प्रदर्शन खेल) और टग ऑफ वॉर (प्रदर्शन खेल) ऐसे खेल हैं जो खेलो इंडिया बीच गेम्स के पहले संस्करण का हिस्सा हैं।
आपको बता दें कि पेनकैक सिलाट, एक प्रकार का मार्शल आर्ट खेल है, जिसमें खेलो इंडिया बीच गेम्स में सबसे अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 22 टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। ओपन वॉटर स्वीमिंग में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि बीच वॉलीबॉल और बीच कबड्डी में आठ-आठ टीमें प्रतिभागी हैं वहीं, बीच सॉकर में सात टीमें शिरकत कर रही हैं।
इन खेलों में पदकों की बात करें तो मेजबान दादर और नगर हवेली, दमन और दीव तीन स्वर्ण, एक कांस्य सहित कुल चार पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर है। मणिपुर ने दो स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य सहित चार पदक जीतकर दूसरे तथा महाराष्ट्र एक स्वर्ण, दो रजत तथा तीन कांस्य पदक सहित कुल छह पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। दिल्ली ने एक स्वर्ण तथा एक कांस्य, पश्चिम बंगाल एक रजत, पंजाब एक स्वर्ण तथा मध्य प्रदेश दो रजत तथा एक कांस्य पदक जीत चुके हैं।