एशियाई खेलों में योगासन प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल

एशियाई ओलम्पिक परिषद ने लिया प्राचीन खेल पर अहम फैसला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
एशियाई ओलम्पिक परिषद (ओसीए) ने अपनी 44वीं आमसभा के दौरान एक अहम फैसला लिया। ओसीए ने एशियाई खेलों के कैलेंडर में योगासन को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल करने का फैसला किया। जापान के आइची-नागोया में 2026 में होने वाले एशियाई खेलों में योगासन को शामिल किया गया है। ओसीए की आमसभा के इस सत्र में भारत के रणधीर सिंह को 2024 से 2028 तक चार साल की अवधि के लिए ओसीए अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया।
रणधीर ने कहा, नागोया में योग एक प्रदर्शनी खेल होगा क्योंकि 2026 में होने वाले एशियाई खेलों का कैलेंडर पहले ही तैयार किया जा चुका है और उसे मंजूरी मिल चुकी है। 10 दिन के समय में हम सभी सदस्यों को समझाने और योग को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल करने में सफल रहे, जिसे हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। अन्य सभी खेलों में चोट लगने का खतरा रहता है, लेकिन योग एक ऐसा खेल है जो आपके शरीर को तरोताजा कर देता है।
रणधीर ने कहा कि अगर योग को 2030 में होने वाले एशियाई खेलों में पदक कार्यक्रम में शामिल करना है तो जापान में होने वाले खेलों में इसे अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। रणधीर ने कहा, नागोया में योग को अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। हमें अन्य देशों को योगासन के फायदे के बारे में बताना होगा। हमें प्रशिक्षक भेजने, अन्य देशों को सिखाने और इसे लोकप्रिय बनाने की जरूरत है।

रिलेटेड पोस्ट्स