कार्लोस अल्कारेज को हराकर यानिक सिनर बने विम्बलडन सरताज

एकल फाइनल में स्पैनिश खिलाड़ी से मिली कड़ी चुनौती
खेलपथ संवाद
लंदन। स्पेन के युवा टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज विम्बलडन में खिताबी हैट्रिक लगाने से चूक गए। अल्कारेज फाइनल में यानिक सिनर के सामने चार सेट तक चले मुकाबले में हार गए। सिनर ने सेमीफाइनल में 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ऑल इंग्लैंड क्लब में पहली बार चैम्पियन बने हैं। विम्बलडन से पहले सिनर तीन ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं। 23 साल के सिनर ने गत चैम्पियन 22 वर्षीय स्पैनिश टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज को चार सेटों तक चले कड़े संघर्ष में 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। पहला सेट हारने के बाद सिनर ने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने अल्कारेज को अगले तीनों सेट में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। सिनर का ये चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब है।
पिछले सितम्बर (2023) में सिनर ने यूएस ओपन में जीत हासिल की थी। इसके बाद इसी साल जनवरी में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन भी जीता। एक ही साल के ग्रैंडस्लैम फाइनल में 17 साल के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब फ्रेंच ओपन और विम्बलडन के प्रतिद्वंद्वी समान (अल्कारेज बनाम सिनर) रहे। इससे पहले 2006, 2007 तथा 2008 में रोजर फेडरर और राफेल नडाल के बीच ऐसा हुआ था।
वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन ने ट्रॉफी सौंपी
सिनर को विम्बलडन फाइनल जीतने के बाद ब्रिटेन के शाही परिवार की सदस्या और वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन ने ट्रॉफी सौंपी। बता दें कि दोनों युवा खिलाड़ियों के बीच फ्रेंच ओपन फाइनल में बीते 8 जून को पांच सेटों का मुकाबला हुआ था। लाल बजरी पर लगभग साढ़े पांच घंटे तक चले इस मैच में अल्कारेज ने सिनर को दो सेट में पिछड़ने के बावजूद जबदस्त पटखनी दी थी। विम्बलडन फाइनल से पहले सेंटर कोर्ट पर अल्कारेज का रिकॉर्ड शानदार रहा था। यहां खेले गए अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 24 मैचों में वे अपराजित रहे। हालांकि, सिनर की चुनौती बीस साहित हुई।
इससे पहले फ्रेंच ओपन के फाइनल में अल्कारेज ने सिनर को हराया था। इस विम्बलडन फाइनल से पहले अल्कारेज का ग्रैंडस्लैम फाइनल में रिकॉर्ड 5-0 था। अब सिनर ने उन्हें पहली बार फाइनल में मात दी। विम्बलडन 2025 के फाइनल से पहले दोनों के बीच अभी तक जो 12 मैच खेले गए। इनमें से अल्कारेज ने आठ और सिनर ने चार मैच जीते थे। अल्कारेज ने इटली के खिलाड़ी के खिलाफ पिछले पांचों मुकाबले जीते थे, लेकिन वे विम्बलडन फाइनल में सिनर की चुनौती से पार नहीं पा सके।