पेरिस ओलम्पिक में 117 भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगे दम

टोक्यो से खिलाड़ी कम लेकिन अपेक्षाएं बहुत बढ़ीं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पेरिस में 26 जुलाई से शुरू हो रहे ओलम्पिक में भारत के 117 खिलाड़ी भाग लेंगे। खेल मंत्रालय ने इसके अलावा सहयोगी स्टाफ के 140 सदस्यों को भी मंजूरी दी है, जिसमें खेल अधिकारी भी शामिल हैं। सहयोगी स्टाफ के 72 सदस्यों को सरकार के खर्चे पर मंजूरी मिली है। ओलम्पिक के लिए जिन खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया था, उनमें से केवल गोला फेंक की एथलीट आभा खटुआ का नाम सूची में नहीं है।
लंदन ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता पूर्व निशानेबाज गगन नारंग को दल प्रमुख बनाया गया है। नारंग भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) में उपाध्यक्ष भी हैं। खेल मंत्रालय ने आईओए की अध्यक्ष पीटी ऊषा को लिखे गए पत्र में कहा गया है,‘ओलम्पिक खेल 2024 की आयोजन समिति के मानदंडों के अनुसार सहयोगी स्टाफ के 67 सदस्य ही खेल गांव में रुक सकते हैं, जिनमें आईओए के 11 अधिकारी भी शामिल हैं।’ पत्र में कहा गया है, ‘खिलाड़ियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार की लागत पर 72 अतिरिक्त कोच और अन्य सहायक कर्मचारियों को मंजूरी दी गई है। उनके ठहरने की व्यवस्था होटल-खेल गांव के बाहर की गई है।’ 
सूची में सर्वाधिक 29 (11 महिला और 18 पुरुष) खिलाड़ी एथलेटिक्स के हैं। उनके बाद निशानेबाजी (21) और हॉकी (19) का नंबर आता है। टेबल टेनिस में भारत के आठ, जबकि बैडमिंटन में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता के पीवी सिंधु सहित सात खिलाड़ी भाग लेंगे। कुश्ती (6), तीरंदाजी (6) और मुक्केबाजी (6) में छह-छह खिलाड़ी ओलंपिक में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इसके बाद गोल्फ (4), टेनिस (3), तैराकी (2), सेलिंग (2) का नंबर आता है। घुड़सवारी, जूडो, रोइंग और भारोत्तोलन में एक-एक खिलाड़ी भाग लेंगे। निशानेबाजी दल में 11 महिला और 10 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। टोक्यो ओलम्पिक में भारत के 119 खिलाड़ियों ने भाग लिया था जिन्होंने सात पदक जीते थे। इनमें नीरज चोपड़ा का भाला फेंक में जीता गया ऐतिहासिक स्वर्ण पदक है भी शामिल है।
भारतीय श्वान दस्ते पर सुरक्षा की जिम्मेदारी : केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और विशेष कमांडो बल के विशेष रूप से प्रशिक्षित 10 श्वानों का दस्ता अगले सप्ताह शुरू हो रहे पेरिस ओलम्पिक के विभिन्न आयोजन स्थलों पर आतंकवाद विरोधी और विध्वंसक गतिविधियां विरोधी सुरक्षा मुहैया कराने के लिए फ्रांस में है। इन्हें 10 सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। ये कुत्ते क्रूर दिखने वाले बेल्जियाई मैलिनोइस नस्ल के हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स