पहलवान विनेश ने ओलम्पिक से पहले लगाया स्वर्णिम दांव

स्पेन ग्रांप्री के फाइनल में किया कमाल का प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रांप्री में महिलाओं के 50 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। दो बार की विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता विनेश ने फाइनल में मारिया तियुमेरेकोवा को 10-5 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। विनेश को बुधवार को आखिरी समय में शेंगेन वीजा मिला था और उन्होंने बिना किसी परेशानी के तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी।
29 वर्षीय विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता ने पहले क्यूबा की युस्नेलिस गुजमैन को अंकों के आधार पर 12-4 से हराया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता कनाडा की मैडिसन पार्क्स के खिलाफ जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में, विनेश ने एक अन्य कनाडाई केटी डचक को अंकों के आधार पर 9-4 से हराया। स्पेन में अपने प्रशिक्षण-सह-प्रतियोगिता कार्यकाल के बाद, विनेश पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए 20-दिवसीय प्रशिक्षण के लिए फ्रांस जाएंगी।