विश्व पुलिस खेलों में सीमा ने जीते दो स्वर्ण पदक

असम राइफल में सेवारत कराटेबाज के प्रदर्शन से सब खुश
खेलपथ संवाद
बहादुरगढ़। अमेरिका में चल रहे वर्ल्ड पुलिस व फायर गेम्स 2025 में गांव परनाला की बहू सीमा ने कराटे स्पर्धा में 2 स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है। परनाला के भूप सिंह राठी के छोटे बेटे सूरज राठी और उनकी पत्नी सीमा 2018 से असम राइफल में सेवा दे रहे हैं। सीमा ने इससे पहले भी अनेक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया है।
सूरज ने बताया कि अमेरिका में 27 जून से 6 जुलाई तक वर्ल्ड पुलिस व फायर गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सीमा ने टीम काता व टीम कुमिते दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि सीमा हिसार के चिरोड़ गांव से है। वह शुरू से ही कराटे का प्रशिक्षण ले रही है।
सीमा और सूरज दोनों ने 2015 में नेशनल कराटे चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर एशियन कराटे चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया था, जिसके बाद सीमा और सूरज दोनों 2018 में स्पोर्ट्स से असम राइफल में भर्ती हो गए। वर्ष 2020 में दोनों की शादी हुई।
सीमा और सूरज दोनों ने इस दौरान कई नेशनल व इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में अपनी मेहनत का लोहा मनवाया और शानदार उपलब्धि पाते हुए देश व प्रदेश का नाम रोशन किया। सीमा के अमेरिका में पदक जीतने की सूचना से गांव व परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।