शेफाली वर्मा ने टेस्ट क्रिकेट मे सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में खेली विध्वंसक पारी
खेलपथ संवाद
चेन्नई। शेफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में धमाल मचा दिया है। उन्होंने अपने पांचवें टेस्ट मैच में ही दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। शेफाली वर्मा महिला टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। शेफाली ने 194 गेंदों में दोहरा शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड का कीर्तिमान तोड़ दिया।
भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई में धमाल मचा रखा है। उन्होंने इस मैच में अपने करियर का पहला शतक लगाया। अब उन्होंने दोहरा शतक लगाकर एक नया इतिहास रच दिया है। शेफाली ने केवल 194 गेंद में डबल सेंचुरी लगाकर महिला क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इसके पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड के नाम था। उन्होंने 2024 में ही फरवरी के महीने में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 248 गेंद में डबल सेंचुरी लगाई थी। उनसे भी पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की ही केरन रॉल्टन के नाम था, जिन्होंने 2001 में इंग्लैंड के खिलाफ 306 गेंद में दोहरा शतक लगाया था।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। ऐसे में शेफाली वर्मा अपनी ओपनिंग पार्टनर स्मृति मंधाना के साथ बैटिंग के लिए क्रीज पर आईं। शुरू के ओवर्स में उन्होंने थोड़ा संभलकर खेला, लेकिन पिच को समझने के बाद वो नहीं रुकीं। उन्होंने लगातार रन बनाए और केवल 113 गेंद में शतक ठोक दिया। दूसरी तरफ से दो विकेट गिरे, फिर भी वो तेजी से आगे बढ़ती रहीं और केवल 194 गेंद में दोहरा शतक लगा दिया। दोहरा शतक लगाने के मामले में वो दुनिया की 10वीं और भारत की केवल दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। शेफाली से पहले 2002 में मिताली राज ने इंग्लैंड के खिलाफ 214 रनों की पारी खेली थी। शेफाली ने रन आउट होने से पहले अपनी 205 रनों की पारी में 22 चौके और आठ छक्के लगाए।
शेफाली वर्मा ने इसके पहले स्मृति मंधाना के साथ मिलकर 292 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। इसके साथ दोनों ने 20 साल पुराने पाकिस्तान के रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान की साजिदा शाह और किरण बलूच के नाम था। साल 2004 में दोनों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए 241 रन जोड़े थे। इतना ही नहीं शेफाली और मंधाना किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा रन की पार्टनरशिप करने वाली दुनिया की दूसरी जोड़ी बन गई हैं। स्मृति मंधाना की 149 रनों की शानदार पारी के बाद शेफाली के ताबड़तोड़ दोहरे शतक से भारतीय टीम बहुत मजबूत स्थिति में आ गई है।